चीन ने रविवार को इस्राइल और संबंधित पक्षों से आग्रह किया कि वे तुरंत ऐसे कदम उठाएं जिससे पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को कम किया जा सके। उसने यह अपील ऐसे समय में कही है, जब इस्राइल के हवाई हमलों में ईरान समर्थिक हिजबुल्ला के नेता हसन नसरल्ला को मारा गया है। चीन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्थिति और खराब कर सकती हैं, इसलिए सभी पक्षों को शांति बनाए रखने की जरूरत है।
चीन के विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
चीन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "चीन इस घटना पर करीब से नजर रख रहा है और क्षेत्र में बढ़ते तनाव से काफी चिंतित है"। मंत्रालय ने कहा कि यह जरूरी है कि सभी पक्ष स्थिति को सामान्य करने के लिए तत्काल कदम उठाएं, ताकि संघर्ष नियंत्रण से बाहर न जा सके। इस घटना के बाद चीनी नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें उन्हें लेबनान की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। मंत्रालय ने कहा, "चीन लेबनान की संप्रभुता और सुरक्षा के उल्लंघन के खिलाफ है और निर्दोष नागरिकों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई की निंदा करता है।"
खामनेई ने की पांच दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा
नसरल्ला की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। खामनेई ने नसरल्ला की मौत पर कहा कि उनकी मौत का बदला लिया जाएगा। उन्होंने नसरल्लाह की मौत पर पांच दिन दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है।
चीन ने बुलाई थी फलस्तीनी संगठनों की बैठक
हाल के वर्षों में चीन ने पश्चिम एशिया में अपने कूटनीतिक तालमेल बढ़ाया है, ताकि अमेरिका का प्रभाव कम किया जा सके। पिछले साल बीजिंग ने ईरान और सऊदी अरब के बीच एक ऐतिहासिक शांति समझौता कराने में मदद की थी। गाजा में युद्ध के बीच चीन ने जुलाई में फतह और हमास सहित 14 फलस्तीनी संगठनों की बैठक बुलाई थी, ताकि उनके बीच एकता लाई जा सके। चीन ने इस साल जुलाई में तेहरान में हमास नेता इस्माइल हानिया की मौत की निंदा की थी और चेतावनी देते हुए कहा था कि यह क्षेत्र और गहरे संकट में डाल सकता है।
नागरिकों के लिए जारी की चेतावनी- सुरक्षित स्थानों पर जाएं
इस बीच, लेबनान में चीन के दूतावास ने अपने नागरिकों को लेबनान-इस्राइल सीमा पर बढ़ते संघर्ष के बारे में चेतावनी जारी की है। दूतावास ने कहा, हम सभी चीनी नागरिकों से अनुरोध करते हैं कि वे घटनाक्रम पर ध्यान दें और इस समय लेबनान की यात्रा से बचें। जो लोग अभी लेबनान में हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित क्षेत्रों में जाने की सलाह दी जाती है।