यूएनडीपी की ‘WEATHER KID’ एलीना के इन शब्दों ने शुक्रवार को 2050 में मौसम के भविष्य का लेखा-जोखा सामने रखकर लोगों को चौंका दिया। एलीना उन बच्चों में से एक है, जिन्हें विश्व भर से यूएनडीपी के 'वेदर किड्स' अभियान के लिए चुना गया है। यह अभियान, विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और The Weather Channel के सहयोग से आरम्भ किया गया है और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर पर जागरूकता बढ़ाने और दुनिया भर के लोगों को सार्थक जलवायु कार्रवाई के लिए संगठित करने के यूएनडीपी के प्रयासों का हिस्सा है।
ऑस्कर विजेता मलेशियाई अभिनेता मिशेल येओह, अमेरिकी अभिनेता कोनी ब्रिटन और डेनिश अभिनेता निकोलज कोस्टर-वाल्डौ समेत विश्व की कई बड़ी हस्तियों एवं यूएनडीपी के सदभावना दूतों ने इस अभियान को अपना समर्थन दिया है। भारत में इस अभियान के लिए यूएनडीपी ने मौसम सम्बन्धी टिप्पणियों, मौसम पूर्वानुमान के लिए ज़िम्मेदार भारत सरकार की प्रमुख एजेंसी और WMO के छह क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्रों में से एक भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के साथ साझेदारी की है।
मौसम की इस भविष्यवाणी में दर्शकों को चेतावनी दी गई है कि बढ़ता तापमान, जलवायु परिवर्तन के विनाशकारी प्रभावों में इजाफा करेगा, जिसके लोगों और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए विनाशकारी परिणाम होंगे। अंत में दर्शकों को संकल्प दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे वे अपने वित्तीय निर्णय लेते समय स्थिरता का ध्यान रखें और जलवायु समाधान व वैश्विक जलवायु कार्रवाई को लेकर अपनी समझ बढ़ाएं।
निकोलज कोस्टर-वाल्डाउ की आवाज में यूएनडीपी की एक नई वीडियो शृंखला क्लाइमेट एक्शन एक्सप्लेंड में इससे संबंधित उपलब्ध समाधानों पर प्रकाश डाला गया है। इस अवसर पर भारत के मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक और WMO के लिए भारत के स्थाई प्रतिनिधि डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि हाल ही में जारी डब्ल्यूएमओ की रिपोर्ट से पता चलता है कि किस तरह 2024 में अधिकांश जलवायु परिवर्तन संकेतक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। आज पहले से कहीं अधिक हमें अपने बच्चों के भविष्य की सुरक्षा के लिए तत्काल जलवायु कार्रवाई की आवश्यकता है। इस अभियान के लिए यूएनडीपी के साथ हमारी साझेदारी के जरिए हम भारत सरकार की ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ या LiFE पहल में रेखांकित शक्तिशाली संदेश देने की उम्मीद करते हैं।
वहीं भारत में यूएनडीपी की स्थानीय प्रतिनिधि एआई कैटलिन वाइसेन ने कहा कि चाहे नवीकरणीय ऊर्जा की ओर परिवर्तन में तेजी लानी हो या टिकाऊ जीवन शैली को बढ़ावा देना हो, भारत ने जलवायु कार्रवाई की तात्कालिकता को उजागर करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। इस आह्वान का समर्थन करते हुए देश के युवजन सभी के लिए बेहतर भविष्य सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यूएनडीपी के नए वैश्विक अभियान ‘वेदर किड्स’ का उद्देश्य दुनिया भर में युवजन की आवाज बुलंद करके बड़े पैमाने पर और तत्काल जलवायु कार्रवाई की पुकार को आगे बढ़ाना है।
यूएनडीपी प्रशासक अखिम श्टाइनर ने कहा कि वेदर किड्स भविष्य के प्रति सचेत करने हेतु एक शक्तिशाली आवाज हैं और अगर हमने आज सार्थक जलवायु कार्रवाई नहीं की तो जलवायु संकट, निश्चित रूप से वास्तविकता बन सकता है। जलवायु परिवर्तन पर निरन्तर निष्क्रियता, 'आज के बच्चों' और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इस ग्रह को तेजी से निर्जन कर देगी।
‘वेदर किड्स’ अभियान सार्वजनिक संवाद को बढ़ावा देने और 2025 में ब्राजील में होने वाली COP30 जलवायु वार्ता की राह प्रशस्त करने के लिए UNDP के प्रयासों का हिस्सा है। ‘वेदर किड्स’ कार्यक्रम दुनियाभर के 80 से अधिक देशों में समाचार चैनलों पर प्रसारित होगा।
(नोट: यह लेख संयुक्त राष्ट्र हिंदी समाचार सेवा से लिया गया है।)