अमेरिका पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चार्ली किर्क की हत्या को देश के लिए बड़ा झटका बताया और कहा कि अमेरिका एक संवेदनशील मोड़ पर है। उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया कि उन्होंने देश को जोड़ने की बजाय और अधिक विभाजित किया है। ओबामा ने ट्रंप की कड़ी भाषा और राजनीतिक विरोधियों को दुश्मन बताने की नीति की भी आलोचना की।
अमेरिका में बीते दिनों कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की हत्या कर दी गई। इस मामले के चलते ट्रंप प्रशासन पर सैकड़ों सवाल खड़े हो रहे है। आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब इस मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बरात ओबामा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चार्ली किर्क की हत्या के बाद और भी स्पष्ट हो गया है कि अमेरिका के संवेदनशील मोड़ पर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश को और ज्यादा विभाजित कर दिया है, बजाय इसके कि वे लोगों को साथ लाने का काम करें।
सेना की तैनाती पर भी बोले ओबामा
ओबामा ने ट्रंप प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय गार्ड की तैनाती की भी आलोचना की। साथ ही उन्होंने कहा कि फेडरल एजेंटों द्वारा पहचान जांच जैसे कदम लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ हैं और यह देश के लिए खतरनाक है। इस दौरान उन्होंने यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स की तारीफ की, जिन्होंने इस घटना पर शांति और सभ्यता की बात की। ओबामा ने कहा कि भले ही वे कॉक्स से कई मुद्दों पर असहमत हों, लेकिन उनका यह संदेश कि हम असहमत हो सकते हैं लेकिन सभ्य तरीके से संवाद करना चाहिए, एक अच्छा उदाहरण है। मामले में आरोपी टायलर रॉबिन्सन ने कोर्ट में अपनी पहली सुनवाई की, जहां उनकी हत्या के आरोपों पर वकील नियुक्त किया गया है।