दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों में से एक ''एफटीएक्स'' की स्थापना करने वाले जाने माने शख्स सैम बैंकमैन फ्राइड को बहामास में गिरफ्तार कर लिया गया है। वित्तीय तरलता की कमी के कारण एफटीएक्स नामक इस क्रिप्टोकरंसी एक्सचेंज को पिछले महीने दिवालिया घोषित करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। एक दिन में 14.5 अरब डॉलर गंवाने वाले बैंकमैन फ्राइड के लिए यह उम्मीद से ज्यादा बड़ी गिरावट रही है। फोर्ब्स के अनुसार एक साल पहले उन्होंने 26.5 अरब डॉलर की कमाई भी की थी।
बहामास में स्थित एफटीएक्स एक्सचेंज, 2019 में लॉन्च किया गया। इसने दिवालिएपन के लिए 11 नवंबर को अपील दायर की, क्योंकि गिरावट रोकने के लिए उसके पास धन की जबरदस्त कमी हो गई थी। उस समय व्यापारियों ने केवल 72 घंटों में एफटीएक्स से 6 अरब डॉलर वापस निकाल लिए थे। बहामास के अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि बैंकमैन-फ्राइड के खिलाफ आरोपों की औपचारिक पुष्टि प्राप्त करने के बाद ही गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि बैंकमैन को मैनहट्टन से अमेरिका को प्रत्यर्पित किया जाएगा। अमेरिकी अभियोजक डेमियन विलियम्स ने कहा, बहामास के अधिकारियों ने अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर सैमुअल बैंकमैन फ्राइड को गिरफ्तार किया है जबकि फ्राइड के वकील मार्क कोहेन ने टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।
कई आपराधिक मामले दर्ज
अमेरिका में बैंकमैन-फ्राइड के खिलाफ कई आपराधिक मामले दायर किए गए हैं। गत माह एफटीएक्स कंपनी के धराशायी होने के बाद दोनों सरकारों द्वारा फ्राइड की आपराधिक जांच की जा रही थी। सैम बैंकमैन फ्राइड की गिरफ्तारी उस वक्त हुई है जब ठीक एक दिन बाद कंपनी के वर्तमान सीईओ जॉन रे को सीनेट की वित्तीय सेवा समिति के सामने गवाही देनी है।
जानबूझकर धन का दुरुपयोग नहीं किया
बता दें, एफटीएक्स 11 नवंबर को दिवालिया होने से पहले दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज था। लेकिन एक्सचेंज पर ग्राहकों के साथ धोखा करने और उनके पैसों का दुरुपयोग करने का आरोप है। वहीं, बैंकमैन फ्राइड ने हाल ही में अपने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने जानबूझकर ग्राहकों के धन का दुरुपयोग नहीं किया।