पाकिस्तान में महिलाओं के साथ हिंसा और दुर्व्यवहार की एक बेहद ही शर्मसार करने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अकेले सिंध प्रांत में ही महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की 10,000 शिकायतें दर्ज हुई हैं। जबकि पाकिस्तान के हैदराबाद शहर में 2018 से अब तक 6,325 मामले महिला अधिकार हनन के दर्ज हुए हैं।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इसी तरह पंजाब महिला हेल्पलाइन को इस साल अब तक 4,649 शिकायतें मिली हैं। आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं द्वारा राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन पर की गई अधिकांश शिकायतें पारिवारिक विवादों के बाद लिंग आधारित हिंसा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित थीं।
रिपोर्ट में सिंध और पंजाब में महिलाओं के अधिकार की रक्षा के लिए काम कर रहे अधिकारियों ने देश को महिलाओं व उनके अधिकारों के लिए नर्क बताया है। मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं, जो देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के कुल मामलों का 73 प्रतिशत हैं। रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान में महिलाओं को हर दिन एक बदतर हालात का सामना करना पड़ रहा है।