लुहांस्क में स्कूल पर रूस के हवाई हमले में 60 लोगों की मौत, 30 को बचाया गया
यूक्रेन के पूर्वी इलाके लुहांस्क में शनिवार दोपहर बिलोहोरिवका में एक स्कूल पर रूसी हवाई हमले में 60 लोगों की मौत हो गई। लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदाई ने बताया कि स्कूल में 90 लोगों ने शरण ले रखी थी। इनमें ज्यादातर लोग आग में जल गए। अब तक सिर्फ दो शवों की पहचान हुई है। 30 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है।
उधर, जी-7 देशों ने रूस से तेल और गैस का आयात पूरी तरह रोकने का फैसला लिया है। इस बीच, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन त्रूदो यूक्रेन के प्रति समर्थन जताने के लिए अघोषित यात्रा पर अचानक इरपिन पहुंच गए। उनके साथ फ्रांस की मंत्री भी थीं।
दूसरी ओर, मैरियूपोल में यूक्रेनी प्रतिरोध की पहचान बने अजोवस्तल स्टील प्लांट में फंसे सभी नागरिकों को निकाल लिया गया है। संयुक्त राष्ट्र व रेडक्रॉस के दखल से चले बचाव अभियान के तहत रूस ने सुरक्षित रास्ता दिया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि प्लांट से 300 नागरिकों को निकाला गया है, लेकिन रूसी पक्ष का दावा 176 लोगों को निकालने का है। इस प्लांट को छोड़ पूरे मैरियूपोल पर फिलहाल रूस का कब्जा है। रूस अब तक खेरसन शहर पर ही पूरी तरह कब्जा कर पाया है। मैरियूपोल रूस के लिए बेहद अहम है। यहां से वह यूक्रेन के समुद्री रास्ते से व्यापार को नियंत्रित करने के साथ ही क्रीमिया तक सीधे पहुंच पाएगा।
खारकीव में संग्रहालय तबाह...यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि खारकीव में रूस के मिसाइल हमले में एक संग्रहालय पूरी तरह तबाह हो गया। जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस अब तक 200 से ज्यादा सांस्कृतिक विरासत स्थलों को तबाह कर चुका है। रूसी सेना खारकीव से अब रणनीति के तहत पीछे हट रही है।
रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख ने दी धमकी एटमी जंग हुई तो पूरे नाटो को मिटा देगा रूस
मॉस्को। बड़बोलेपन के लिए पहचान बना चुके रूसी अंतरक्षि एजेंसी रॉसकॉस्मोस के प्रमुख दिमित्री रोगोजिन का कहना है कि परमाणु युद्ध हुआ तो रूस आधे घंटे में सभी नाटो देशों को खत्म कर देगा।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे करीबी लोगों में शामिल रोगोजिन ने कहा कि रूस का मकसद पश्चिम को हराकर यूक्रेन को दुनिया के नक्शे से मिटाना है। नाटो के 30 देशों ने रूस के खिलाफ अघोषित युद्ध छेड़ रखा है। रूस कभी परमाणु युद्ध नहीं चाहता, क्योंकि इसके नतीजे बहुत भयावह और पूरी दुनिया को प्रभावित करने वाले होंगे।