कनाडा के हिंदू समुदाय ने किया प्रदर्शन
- फोटो : सोशल मीडिया
कनाडा के सरे में हिंदू समुदाय के लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू समुदाय के लोगों ने मौजूदा कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की और समुदाय के लोगों को मिल रही फिरौती की धमकियों पर भी चिंता जताई। विरोध प्रदर्शन का आयोजन वैदिक हिंदू कल्चरल सोसाइटी ने किया।
धमकी के बाद कई लोगों ने दिया पैसा
कनाडा में हाल के समय में हिंदू मंदिरों पर हमले की कई घटनाएं हुईं। वहीं बीती 27 दिसंबर को कनाडा में लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार के बेटे के घर पर फायरिंग की घटना हुई। अब सरे में हिंदू समुदाय के लोगों को फिरौती देने को लेकर धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि 'इससे समुदाय के लोग डरे हुए हैं।' लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि 'फिरौती को लेकर मिल रहीं धमकियों से पूरा हिंदू समुदाय डरा हुआ है। कई लोगों को धमकी मिली है। मुझे पता चला है कि कई लोगों ने तो धमकी की कॉल आने के बाद पैसा दे भी दिया है।'
कनाडा पुलिस ने कुछ आरोपियों को किया गिरफ्तार
समुदाय के ही एक अन्य बिजनेसमैन ने बताया कि 'मेरे बच्चे डरे हुए हैं। मेरे माता-पिता भी बहुत डरे हुए हैं। वह नहीं चाहते कि मैं घर से बाहर भी निकलूं।' बीते साल नवंबर में कनाडा की पुलिस ने दावा किया कि एक भारतीय गैंग द्वारा भारतीय मूल के लोगों से फिरौती की मांग की जा रही है। इसे लेकर कई व्यापारियों को चिट्टियां भेजी गई हैं। चिट्ठी में भारतीय मूल के लोगों को एक महीने में फिरौती की रकम देने की धमकी दी गई है। फिरौती की रकम ना देने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई है। कनाडा की पुलिस ने हिंदू समुदाय को मिल रही धमकियों के संबंध में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन समुदाय के लोग इसे पर्याप्त नहीं मानते। कनाडा के करीब तीन राज्यों में भारतीय मूल के लोगों से फिरौती की मांग करते हुए धमकी दी गई है।