डाटा संरक्षण कानून के उल्लंघन के मामले में फेसबुक ब्रिटेन को पांच लाख पाउंड का जुर्माना अदा करने को राजी हो गया है। ब्रिटेन के सूचना अधिकार नियामक ने बुधवार को कहा कि सलाहकारी संस्था कैम्ब्रिज एनालटिका द्वारा डाटा के दुरुपयोग के मामले में यह जुर्माना लगाया गया है।
सियासी सलाहकारी संस्था द्वारा एक शोधकर्ता से 8.7 करोड़ फेसबुक यूजर का डाटा लेने के मामले में अमेरिका और यूरोपीय संघ ने फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को तलब किया था। कैम्ब्रिज एनालिटिका द्वारा 10 लाख ब्रिटिश यूजर का डाटा चुराकर उसका राजनीतिक इस्तेमाल करने पर सूचना आयुक्त कार्यालय (आईसीओ) ने पिछले साल सांकेतिक जुर्माना लगाया था। आईसीओ ने कहा कि अपील वापस लेने और जुर्माना चुकाने को सहमत होने के बाद फेसबुक जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हुआ।
सूचना आयुक्त कार्यालय के उपायुक्त जेम्स डिप्पल जॉनस्टन ने कहा कि आईसीओ की मुख्य चिंता ब्रिटेन के नागरिकों के डाटा के दुरुपयोग होने का खतरा था। उन्होंने कहा कि निजी जानकारी और निजता का संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। हमें खुशी है कि फेसबुक ने डाटा संरक्षण के बुनियादी सिद्धांतों के पालन के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और आगे भी कदम उठाएगी। वहीं फेसबुक ने कहा कि वह खुश है कि इस मामले पर समझौता हो गया।