अर्जेंटीना में आयोजित हुए टी 20 शिखर सम्मेलन की खबरें तो दुनियाभर में छाई रहीं। इस दौरान सबसे अधिक चर्चा सऊदी के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर हुई। इनके हाथ मिलाने के अंदाज को दुनियाभर में खूब पसंद किया जा रहा है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है।
सऊदी प्रिंस के आलोचक और अमेरिका में रह रहे पत्रकार खशोगी की हत्या को लेकर दुनियाभर में सऊदी अरब और उसके शासकों के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया हुई थी। इस मामले में दुनियाभर की कड़ी आलोचनाओं के बाद ये ऐसा पहला मौका था जब प्रिंस सलमान वैश्विक मंच पर आए हैं।
प्रिंस सलमान और पुतिन की जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है उसमें दोनों नेता अनोखे अंदाज में हाथ मिलाते दिख रहे हैं। इस दौरान दोनों एक दूसरे की ओर देखकर ऐसे हंस रहे हैं मानो बेहद अच्छे दोस्त हों। सऊदी प्रिंस हंसते हुए पुतिन के हाथ पर थपथपाते हैं और फिर दोनों एक दूसरे के कान में कुछ कहते हैं। वीडियो में सबसे ज्यादा जिस बात पर चर्चा हो रही है, वह है ट्रंप का पीछे की ओर दिखना।
वीडियो को देखकर लोग ट्रंप का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रंप इनके पीछे खड़े अजीब लग रहे हैं। बता दें खशोगी की हत्या मामले में सीआईए ने कहा था कि इसमें सऊदी प्रिंस मोहब्बद बिन सलमान का हाथ था बावजूद इसके ट्रंप ने सऊदी के साथ खड़े रहने की बात कही थी। ट्रंप ने कहा था कि अगर अमेरिका सऊदी से रिश्ते खत्म कर देगा तो चीन और रूस फायदा उठा लेंगे।
ट्वीटर पर वीडियो को देख कोई कह रहा है कि दोनों का हाथ मिलाना एक "योजना" के तहत था। तो कोई कह रहा है कि ये "ब्रो हैंडशेक" था। रूस और सऊदी अरब के बीच तेल का काफी लंबे समय से व्यापार चल रहा है। दोनों देशों का रिश्ता बेहद करीबी माना जाता है।