ब्रिटेन में एक महिला 300 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतते-जीतते रह गई। बताया जा रहा है कि पहले उसे 300 करोड़ की लॉटरी का विजेता घोषित कर दिया गया। इसके 10 मिनट बाद ही किस्मत ने उनके साथ एक अजीबोगरीब खेल कर दिया। उनकी किस्मत ही बदल गई और भारी भरकम रकम उनके हाथ आते-आते रह गई।
मामला इंग्लैंड का बताया जा रहा है। महिला का नाम मार्गरेट डी मिशेली है। उनकी उम्र 72 वर्ष बताई जा रही है। मार्गरेट डी मिशेली ने यूरोमिलियंस का टिकट खरीदा। नतीजा आया तो उन्हें लगा कि सब ठीक होने वाला है। उनके जीवन में अब पैसों की कमी नहीं रहेगी। जब वह अपने परिणाम का पता करने के लिए डाकघर गईं, तो उन्हें पता लगा कि उन्होंने मेगा जैकपॉट जीता है।
हालांकि, थोड़ी ही देर बाद वे उत्तरी लंदन के स्विस कॉटेज में पास के टेस्को पहुंची। जहां एक बार फिर से नंबरों की जांच करने के लिए कहा गया। इस बात से महिला को बड़ा झटका लगा। जांच में पता चला कि उनकी लॉटरी टिकट पर जीतने वाले नंबर नहीं थे।
उन्होंने इसकी पुष्टि के लिए नेशनल लॉटरी से संपर्क किया। तब उन्हें पता चला कि उनका लॉटरी जीतने का सपना पूरा नहीं हुआ है। नेशनल लॉटरी से मिली जानकारी के बाद मार्गरेट की उम्मीदों को करारा धक्का लगा। मार्गरेट के पति ट्रैफिक वॉर्डन के रूप में काम करते हैं। वह अभी लंदन में एक सामान्य से फ्लैट में रहते हैं।