ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को अभी सत्ता संभालने हुए तीन महीने ही हुए हैं। लेकिन नई सरकार को कई आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के एक सांसद रोजी डफफील्ड ने रविवार को भी स्टार्मर सरकार से इस्तीफा दे दिया है। उन्होने स्टार्मर सरकार पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।
पीएम को पहला झटका
जुलाई में 10 डाउनिंग स्ट्रीट में कार्यभार संभालने के बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को यह पहला झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने वाली रोजी डफफील्ड ने नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। कैंटरबरी की सांसद रोजी डफफील्ड अब हाउस ऑफ कॉमन्स में एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में बैठेंगी। द संडे टाइम्स में छपे उनके इस्तीफे में रोजी ने महंगे मुफ्त उपहार विवाद के बीच लेबर नेता की क्रूर और अनावश्यक नीतियों पर भी हमला किया है।
डफफिल्ड ने बताया कि उनके पद छोड़ने का उनका मुख्य कारण सरकार की अलोकप्रिय नीतियों का कार्यक्रम है। रोजी डफिल्ड ने अपने त्यागपत्र में लिखा है, वे क्रूर और अनावश्यक हैं और हमारे हजारों सबसे गरीब, सबसे कमजोर मतदाताओं को प्रभावित करते हैं। मुझे ऐसा करने के लिए नहीं चुना गया था। यह बुद्धिमानी की राजनीति भी नहीं है, और निश्चित रूप से यह सेवा की राजनीति नहीं है।
स्टार्मर पर लगाए गंभीर आरोप
उन्होने कहा कि, पीएम ने आम चुनाव के दौरान जो वादा किया था। उसे स्टार्मर सरकार पूरा करेगी, इसका कोई भरोसा नहीं है। सांसद ने कहा कि उन्हें लेबर पीएम के उस 'तथाकथित बदलाव' को पूरा करने की प्रतिबद्धता पर विश्वास नहीं है। जिसका वादा उन्होंने आम चुनाव के दौरान किया था। नई सरकार अपने मतदाताओं की आंखों में आंखें डालकर यह नहीं बता सकतीं कि उन्होंने कुछ बदल दिया है।
स्टार्मर को निशाने पर लेते हुए रोजी ने कहा कि, प्रधानमंत्री के रूप में आपके अंदर प्रबंधन, दृष्टिकोण और राजनीतिक सूझबूझ की कमी, एक पार्टी के रूप में हम पर टूट पड़ी है। जबकि हमने इतनी मेहनत की, इतने वादे किए और सत्ता में लौटने के लिए ब्रिटिश जनता द्वारा जनादेश दिए जाने का चौदह साल तक इंतजार किया था। जुलाई में सरकार बदलने के बाद से पाखंड के खुलासे चौंका देने वाले है, जो लगातार अपमानजनक होते जा रहे हैं। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती हूं कि मैं और मेरे सहकर्मी आपकी इस बात पर कितने नाराज हैं कि आपने हम सभी को किस तरह पेश किया है।
रोजी डफफील्ड ने स्टार्मर पर लेबर पार्टी को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पीएम पर हमला करते हुए कहा कि आपने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और लालच को हद से ज्यादा का बढ़ावा दिया है। आप और आपके करीबी लोगों ने हमारी गौरवशाली पार्टी को कलंकित और अपमानित करने के लिए जो कुछ किया है, उससे मैं बहुत शर्मिंदा हूं। बता दें कि यह इस्तीफा स्टार्मर द्वारा GBP 107,145 का उपहार प्राप्त करने के खुलासे के बाद आया है।