ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और तेज हो गया है। दुनियाभर से अलग-अलग प्रकार की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही है। इसी बीच ब्रिटेन की सांसद प्रीति पटेल ने आतंकियों के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी रक्षा करने और आतंकवादी ढांचे को खत्म करने का पूरा अधिकार है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी गुट न केवल भारत बल्कि पश्चिमी देशों के लिए भी खतरा हैं।
लश्कर-ए-तैयबा और हमास के संबंध पर जोर
ब्रिटिश सांसद प्रीति पटेल ने आगे लश्कर-ए-तैयबा और हमास के बीच संबंध की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले का जिम्मेदार द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) लश्कर-ए-तैयबा का संगठन है, जिसकी हमास के साथ जुड़े होने की खबर है। प्रीति पटेल ने इस विषय में जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रवासी समुदायों पर असर ना पड़ने की बात
इसके साथ ही अंत में सांसद प्रीति पटेल ने यह चिंता भी जताई कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का असर ब्रिटेन में बसे भारतीय और पाकिस्तानी समुदायों पर न पड़े। उन्होंने यह भी पूछा कि भारत और पाकिस्तान में रहने वाले ब्रिटिश नागरिकों को किस तरह की अतिरिक्त वाणिज्यिक और कांसुलर सहायता दी जा रही है।