ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने आगामी ब्राजील-भारत बिजनेस फोरम के महत्व पर जोर दिया। यह फोरम लूला के भारत के राजकीय दौरे के दौरान आयोजित होगा और इसी अवसर पर नई दिल्ली में एपेक्स-ब्राजील कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा।
एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में राष्ट्रपति लूला ने बताया कि वह 19 से 21 फरवरी के बीच नई दिल्ली का राजकीय दौरा करेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाना है।
ये भी पढ़ें: US: अप्रवासन अधिकारियों ने पांच साल के बच्चे को हिरासत में लिया, स्कूल का दावा- चारे की तरह किया इस्तेमाल
राष्ट्रपति लूला ने किया क्या एलान?
- राष्ट्रपति लूला ने इस बातचीत के बाद एक्स पर लिखा कि आज मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की।
- उन्होंने कहा कि हमने 19 से 21 फरवरी के बीच नई दिल्ली में होने वाले मेरे राजकीय दौरे और द्विपक्षीय एजेंडे पर चर्चा की।
- राष्ट्रपति ने बताया कि हमने ब्राजील-भारत बिजनेस फोरम के महत्व को रेखांकित किया, जो मेरी यात्रा के दौरान आयोजित होगा। इसी के साथ नई दिल्ली में एपेक्स कार्यालय का उद्घाटन भी होगा।
- उन्होंने कहा कि हमने वैश्विक हालात पर भी विचार साझा किए और गाजा व दुनिया में शांति, बहुपक्षवाद और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ब्राजील के राष्ट्रपति से बातकर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्रपति लूला से बातचीत के बाद कहा कि भारत और ब्राजील के बीच करीबी सहयोग 'ग्लोबल साउथ' के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए बेहद अहम है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह ब्रिक्स साझेदार ब्राजील के राष्ट्रपति का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'राष्ट्रपति लूला से बात करके खुशी हुई। हमने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी की मजबूत गति की समीक्षा की, जो आने वाले वर्ष में नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार है। हमारा करीबी सहयोग ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैं जल्द ही भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।”
ये भी पढ़ें: Board of Peace: दावोस से वॉशिंगटन लौटे राष्ट्रपति ट्रंप, बोले- शांति बोर्ड के साथ काम करे संयुक्त राष्ट्र
ब्राजील से लगातार बढ़ रही करीबी
दिसंबर 2025 में ब्राजील की आधिकारिक यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने राष्ट्रपति लूला के मुख्य सलाहकार सेल्सो अमोरिम और रक्षा मंत्री जोजे मूसियो मोंटेइरो से मुलाकात की। भारतीय नौसेना के बयान के अनुसार, इन बैठकों में भारत-ब्राजील रक्षा सहयोग के विस्तार, रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई।
बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग सहयोग और क्षमता निर्माण से जुड़े अवसरों पर भी विचार किया, ताकि दीर्घकालिक सामंजस्य और साझा सुरक्षा उद्देश्यों को समर्थन मिल सके। साथ ही दक्षिण अटलांटिक, व्यापक इंडो-पैसिफिक और ग्लोबल साउथ की सामूहिक भूमिका सहित क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई, जिससे एक सुरक्षित, स्थिर और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए भारत-ब्राजील की साझा दृष्टि सामने आई।
अन्य वीडियो