एक तरफ पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है तो वहीं कुछ लोग कोरोना फंड से छेड़छाड़ कर रहे हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें कोरोना के लिए अनुदानों में गड़बड़ी पाई गई है। ऐसे ही आरोपों की जांच के दौरान ब्राजील में भ्रष्टाचार निरोधक इकाई ने एक सांसद को पकड़ा है।
जांच एजेंसी ने जब छापेमारी की तो ब्राजील के सांसद चिको रोड्रिग्स को उनके अंडरवियर में कोरोना का फंड छुपाने के जुर्म में पकड़ा है। ये राष्ट्रपति जेयर बोलसनारो की पार्टी के सांसद हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान के सांसद के अंतर्वस्त्रों से बहुत बड़ी रकम बाहर निकली, जो भारतीय मुद्रा में लगभग तीन लाख 88 हजार रुपये के बराबर है।
दरअसल, जांच एजेंसी को इससे संबंधित शिकायत मिली थी। सांसद चिको पर रोरिमा राज्य में कोविड-19 से निपटने के लिए आवंटित किए गए फंड में गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे। इसके बाद सांसद चिको के घर पर छापा मारा गया था और वहां से यह राशि बरामद हुई।
हालांकि गिरफ्तारी के बाद चिको रोड्रिग्स ने कहा कि यह सब उनके साथ एक साजिश हो रही है, उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। चिको ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है। वहीं राष्ट्रपति बोलसनारो ने इस पूरी घटना का जिम्मेदार मीडिया को बताया है।उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया ने इस पूरे मामले को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है।
बोलसनारो का कहना है कि मीडिया जानबूझकर सरकार के खिलाफ झूठी कहानी बना रही है, जबकि सरकार ने कोरोना को रोकने के लिए काफी काम किया है। बता दें कि बोलसनारो तत्कालीन सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर ही सत्ता में आए थे लेकिन पिछले दो साल में उनकी सरकार पर भी भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं।