तीन महीने के भीतर एलन मस्क ने अपना फैसला बदलते हुए कहा कि टेस्ला कंपनी अब बिटकॉइन में भुगतान नहीं लेगी। टेस्ला कंपनी के प्रमुख के इस ट्वीट से बिटक्वाइन में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मस्क के ट्वीट से मात्र दो घंटे के भीतर बिटक्वाइन की कीमत 54,819 डॉलर से घटकर 45,700 डॉलर हो गई।
दरअसल, एलन मस्क ने ट्वीट में लिखा है कि उनकी कंपनी टेस्ला वाहन खरीदारों से अब बिटकॉइन नहीं लेगा। उन्होंने जलवायु चिंताओं के कारण बिटकॉइन लेने से इनकार किया। इसके बाद बिटकॉइन की कीमत 17 फीसदी तक गिर गई, जो 1 मार्च के बाद से अब तक की इसकी सबसे कम कीमत है। एलन मस्क ने ट्वीट में लिखा, हम बिटकॉइन माइनिंग और लेनदेन के लिए जीवाश्म ईंधन के तेजी से बढ़ते उपयोग के बारे में चिंतित हैं, विशेष रूप से कोयला, जिसमें किसी भी ईंधन के मुकाबले सबसे खराब उत्सर्जन शामिल है।
मस्क ने कहा कि क्रिप्टोकरेंसी का आइडिया बहुत ही शानदार है और इसका भविष्य भी काफी उज्जवल है, लेकिन इसका हमारे पर्यावरण पर बहुत ही बुरा असर हो रहा है। उन्होंने कहा कि टेस्ला अब बिटकॉइन में कार नहीं बेचेगी।
पहले भी आभासी मुद्रा का मूल्य उठाया-गिराया
इससे पहले 2021 की शुरुआत में टेस्ला ने घोषणा की थी कि उसने 1.5 अरब डॉलर का बिटकॉइन खरीदा है और वह अपनी कारों की खरीद में इसे स्वीकार करेगा। इसके बाद बिटकॉइन की कीमतों में तेज उछाल आया। इससे पहले भी एलन मस्क के ट्वीट से क्रिप्टोकरेंसी में तेज गिरावट आई थी। इस साल के शुरुआत में एलन मस्क ने बिटक्वाइन की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए ट्वीट किया था कि इसकी कीमत कुछ ज्यादा ही तेजी से बढ़ रही है। उनके इस ट्वीट के बाद न्यूयॉर्क में बिटकॉइन की कीमत 8,000 डॉलर यानी करीब 18 फीसदी की गिरावट के साथ 50,000 डॉलर के नीचे आ गई थी।