इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पर निशाना साधा। इसके साथ ही नेतन्याहू ने इस्राइली हमलों में ईरान के परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराने का भी दावा किया। गौरतलब है कि इस्राइल की ओर से ईरान पर हमलों का दौर जारी है। इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमलों से पश्चिम एशिया में संघर्ष छिड़ गया है। जो अब 14वें दिन में प्रवेश कर चुका है।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार देर रात एक चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कहा कि ईरान के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक इस्राइली हमलों में मारे गए हैं। नेतन्याहू ने एक संवाददाता सम्मेलन में ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की कठपुतली करार दिया।
विज्ञापन
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता पर तीखा हमले करते हुए कहा कि वह सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे सकते। नेतन्याहू की यह टिप्पणी ईरान के सरकारी टीवी पर खामेनेई द्वारा जारी एक बयान के कुछ घंटों बाद आई है। इस बयान में मोजतबा ने ईरान की ओर से हमले जारी रखे जाने की बात कही थी।
ईरान की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक जवाब
ईरान की ओर से अभी तक इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, यह उम्मीद की जा रही है कि तेहरान इन आरोपों का खंडन करेगा और इस्राइल पर पलटवार करेगा। ईरान के सरकारी मीडिया द्वारा जारी किए गए बयान और सर्वोच्च नेता के सार्वजनिक रूप से न दिखने की खबरें भी कई सवाल खड़े करती हैं।
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी जंग के बीच गुरुवार को पहला बयान जारी किया। हालांकि, इस बयान को उन्होंने खुद कैमरे पर नहीं पढ़ा। उनके इस बयान को सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने पढ़ा।
मोजतबा खामेनेई ने अपने बयान में क्या कहा?
मोजतबा खामेनेई के बयान में कहा गया, 'ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रता चाहता है। तेहरान अब केवल अमेरिका के ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिस पर हमले जारी रहेंगे।' मोजतबा खामेनेई ने देश से एकजुटता आह्वान करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जाएगा, ताकि ईरान के दुश्मनों पर दबाव बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हम अपने शहीदों के खून का बदला लेंगे।