अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के फीफा विश्वकप 2026 में खेलने को लेकर चेतावनी दी। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का आगामी फीफा विश्वकप में भाग लेने के लिए स्वागत है। हालांकि, उन्होंने टीम की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम वर्ल्ड कप में भाग ले सकती है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि मौजूदा परिस्थितियों में उनका वहां होना उनकी अपनी जान और सुरक्षा के लिहाज से सही होगा।
ये भी पढ़ें: अमेरिका: ओल्ड डोमिनियन विश्वविद्यालय में गोलीबारी, पुलिस की कार्रवाई में हमलावर की मौत; दो लोग घायल
ईरानी फुटबॉल टीम पहले ही कर चुकी है इनकार
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब ईरान के खेल मंत्री अहमद दोन्यामाली ने कहा था कि अमेरिका द्वारा ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या किए जाने के बाद देश के लिए फीफा विश्व कप में भाग लेना संभव नहीं है। उन्होंने राज्य टेलीविजन से बातचीत में कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान किसी भी हाल में टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकता।
पश्चिम एशिया में मौजूदा संघर्ष 28 फरवरी से तेज हुआ, जब अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की गई। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और इसका असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला पर भी पड़ा है।
अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको की मेजबानी में हो रहा फीफा विश्वकप
फीफा विश्वकप 2026 की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे। इसका उद्घाटन 11 जून को मेक्सिको सिटी स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।
ईरान के ग्रुप चरण के सभी मैच अमेरिकी शहरों में प्रस्तावित हैं, जिनमें लॉस एंजेलेस और सिएटल भी शामिल हैं। इस बीच जियानी इन्फेंटिनो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया है कि ईरान की टीम का टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका में स्वागत है।
ये भी पढ़ें: IEA Report: पश्चिम एशिया में जंग से तेल बाजार में अब तक की सबसे बड़ी आपूर्ति बाधा;18-19 मार्च को IMO की बैठक
वहीं ईरान के फुटबॉल महासंघ अध्यक्ष मेहदी ताज ने भी हालिया हमलों के बाद कहा कि ऐसी परिस्थितियों में ईरान से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह 2026 विश्व कप को लेकर सकारात्मक नजरिया रखे।
अन्य वीडियो