बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पुलिस ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भंग पार्टी आवामी लीग के ‘ढाका लॉकडाउन’ कार्यक्रम से पहले 7,000 जवानों के साथ 142 जगहों पर सुरक्षा ड्रिल की। डीएमपी ने इसे नियमित अभ्यास बताया, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक यह संभावित हिंसा रोकने की तैयारी और चेतावनी दोनों है।
बांग्लादेश में अगले साल 5 फरवरी को आम चुनाव होने है। राजनीतक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी है। बांग्लादेश पुलिस ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग की जा चुकी पार्टी आवामी लीग द्वारा घोषित 'ढाका लॉकडाउन' कार्यक्रम से पहले राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभ्यास (ड्रिल) किया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के करीब 7,000 जवानों ने 142 स्थानों पर यह ड्रिल की, जिनमें अंतरिम प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के निवास के आस-पास के इलाके भी शामिल थे। इसका उद्देश्य संभावित हिंसक विरोध प्रदर्शनों से निपटने की तैयारी करना था।
डीएमपी प्रवक्ता ने ड्रिल को बताया नियमित अभ्यास
वहीं डीएमपी प्रवक्ता मोहम्मद तालेबुर रहमान ने कहा कि हमारे नियमित ऑपरेशन में किसी भी आपात स्थिति के लिए त्वरित प्रतिक्रिया अभ्यास शामिल होता है। हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह 'मेगा ड्रिल' न केवल पुलिस की समन्वय और तत्परता की जांच के लिए थी, बल्कि संभावित हिंसा को रोकने के लिए एक चेतावनी संदेश भी थी।