बांग्लादेश ने कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच पूर्व प्रधानमंत्री तथा मुख्य विपक्षी नेता खालिदा जिया को बुधवार को छह महीने के लिये जेल से रिहा कर दिया। विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख जिया (74) भ्रष्टाचार के दो मामलों में 17 साल की सजा काट रही हैं। उन्हें आठ फरवरी 2018 को जेल भेज दिया गया था।
बांग्लादेश के गृह मंत्री असद-उज-जमां ने कहा कि प्रधानमंत्री शेख हसीना की मंजूरी के बाद जिया को मानवीय आधार पर बुधवार शाम शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया। जिया 1991 के बाद से तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं। 2018 के आम चुनावों में उनकी पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। पार्टी को 300 सदस्यीय संसद के चुनाव में केवल छह सीटों पर जीत मिली थी।
इससे पहले बांग्लादेश के उच्चतम न्यायालय ने भ्रष्टाचार के मामले में 12 दिसंबर को बीएनपी की प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इस फैसले के बाद बीमार खालिदा की जेल से रिहाई में और विलंब हो गया था।
जानकारी के मुताबिक प्रधान न्यायाधीश सैयद महमूद के नेतृत्व वाली छह सदस्यीय पीठ ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर 74 वर्षीय जिया की अपील को खारिज कर दिया था। उच्च न्यायालय ने जिया चैरिटेबल ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में पूर्व प्रधानमंत्री की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
शीर्ष अदालत की अपीली पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि जमानत याचिका खारिज की जाती है। अदालत ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे बंगबंधु शेख मुजीब मेडिकल विश्वविद्यालय की सिफारिशों के अनुरूप जिया को अच्छा उपचार उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कदम उठाएं।