बांग्लादेश में अगले साल अप्रैल में आम चुनाव होने हैं, जिसके बाद नई सरकार का गठन होगा। इस बीच, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने बुधवार को स्पष्ट किया कि वह देश की अगली निर्वाचित सरकार का हिस्सा नहीं होंगे।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बुधवार को कहा कि उन्हें अगली निर्वाचित सरकार का हिस्सा बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। यूनुस ने अगस्त पिछले साल तब अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद से हटाया गया था। यूनुस ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि देश में आम चुनाव अप्रैल 2026 की पहली छमाही में कराए जाएंगे। लंदन के चैथम हाउस में रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स में एक सवाल-जवाब सत्र के दौरान यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार का काम सत्ता को निर्वाचित सरकार को सौंपने की एक अच्छी और व्यवस्थित प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन
शेख हसीना पर कही ये बात
जब यूनुस से पूछा गया कि क्या वह अगली लोकतांत्रिक सरकार में शामिल होने की इच्छा रखते हैं, तो उन्होंने साफ कहा, कभी नहीं, बिल्कुल नहीं। मुझे नहीं लगता कि हमारे किसी भी कैबिनेट सदस्य (सलाहकार परिषद) को इसमें दिलचस्पी होगी। उन्होंने कहा, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि चुनाव सही तरीके से हो। यह हमारे लिए बहुत अहम मुद्दा है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग के चुनाव में हिस्सा लेने के सवाल पर यूनुस ने कहा कि युवाओं की हत्या कराने, लोगों को गायब कराने और जनता के पैसे चुराने वाली अवामी लीग को राजनीतिक पार्टी कहा भी जाए या नहीं, यह बहस का विषय है।
गौरतलब है कि पिछले साल 5 अगस्त को छात्र आंदोलनों के भारी विरोध के बाद शेख हसीना को पद से हटाया गया था। फिलहाल हसीना पर बांग्लादेश में कई कानूनी मामले चल रहे हैं। यूनुस 10 से 13 जून तक ब्रिटेन की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह किंग चार्ल्स और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने युनूस की चुनाव अप्रैल 2026 में कराने की घोषणा पर नाराजगी जताई थी। पार्टी ने इस साल दिसंबर तक चुनाव कराने की मांग दोहराई थी।