बांग्लादेश की सेना ने आईसीटी-बीडी के आदेश पर 15 सेवा में रह रहे अधिकारियों को हिरासत में लिया है। ये अधिकारी पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के शासनकाल में कथित मानवता विरोधी अपराधों के मामले में जांच के तहत हैं। एक अधिकारी गायब है और विदेश भागने की कोशिश कर रहा है। हिरासत में लिए गए अधिकारी सेना मुख्यालय में परिवार से अलग रखे गए हैं।
बांग्लादेश से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 15 सेना के अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में बांग्लादेश की सेना ने शनिवार को कहा कि देश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) के आदेश पर 15 सेवा में रह रहे अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। इन अधिकारियों पर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के शासनकाल में कथित मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप है।
सेना के एडजुटेंट जनरल मेजर जनरल मोहम्मद हाकिमुज्जामान ने बताया कि कुल 16 अधिकारियों को सेना मुख्यालय में हाजिर होने के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से 15 ने हाजिरी लगाई। एक अधिकारी मेजर जनरल कबीर अहमद, जो पूर्व प्रधानमंत्री के सैन्य सचिव थे गायब हैं और विदेश भागने की कोशिश कर रहे हैं।
हिरासत में रखे गए सेना के अधिकारी
पूर्व रक्षा सलाहकार मेजर जनरल तारिक अहमद सिद्दिक भी आरोपियों में हैं और वे फरार बताए जा रहे हैं। सेना ने कहा कि वह बांग्लादेश के कानूनों का सम्मान करती है और हिरासत में लिए गए अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।