बहरीन की महिला ने तोड़ी गणेश की मूर्ती
- फोटो : social media
बहरीन की एक महिला पर हिंदू देवता के प्रतीक का अपमान करने का आरोप लगा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बुर्का पहने हुए एक महिला भगवान गणेश की मूर्तियों को एक शॉपिंग मॉल में तोड़ती नजर आ रही है।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। वीडियो में ऐसा लग रहा है कि महिला जानबूझकर हिंदू आस्था को चोट पहुंचाने की कोशिश कर रही है। महिला पर हिंदू आस्था और आध्यात्मिक छवि का अपमान करने के आरोप में कार्रवाई भी की गई।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला एक शॉपिंग मॉल में जाती है और भगवान गणेश की मूर्ति को हाथ में उठाती है और फर्श पर फेंक देती है। मूर्ति तोड़ रही महिला के साथ और भी महिलाएं साथ थीं। मगर किसी ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की।
वीडियो वायरल होने के बाद बहरीन की सरकार ने हिंदू मूर्तियों को तोड़ने के आरोप में महिला के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस निदेशालय ने बताया कि महिला को जानबूझकर दुकान में मूर्तियों को तोड़ने के लिए बुलाया गया था। बहरीन पुलिस ने कहा, इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस घटना के इस संबंध में बहरीन के राजा के सलाहकार और पूर्व अंतरराष्ट्रीय मंत्री खालिद अल खलीफा ने कहा कि महिला की ये हरकतें अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा, आध्यात्मिक प्रतीकों को तोड़ना बहरीन के लोगों का चरित्र नहीं है। यह अपराध है।