Pakistan: खैबर पख्तूनख्वा के स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर इरशाद अली रोगानी ने बताया कि पेशावर हवाई अड्डे पर मेडिकल टीम ने वायरस के लक्षण दिखाने वाले मरीज को पुलिस और सेवा अस्पताल (पीएसएच) भेजा। उन्होने बताया कि अस्पताल में मरीज के घाव के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए, जिसमें एमपॉक्स की पुष्टि हुई।
पाकिस्तान में रविवार को मंकीपॉक्स (एमपॉक्स) के चौथे मामले की पुष्टि की गई। जबकि देश में अब तक एमपॉक्स की संख्या को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। यह चौथा मामला खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में पाया गया, जहां पहले तीन मामलों की पुष्टि की गई थी।
विज्ञापन
खैबर पख्तूनख्वा के स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर इरशाद अली रोगानी ने बताया, "पेशावर हवाई अड्डे पर मेडिकल टीम ने वायरस के लक्षण दिखाने वाले मरीज (चौथा) को पुलिस और सेवा अस्पताल (पीएसएच) भेजा।" उन्होने बताया कि अस्पताल में मरीज के घाव के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए, जिसमें एमपॉक्स की पुष्टि हुई। मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी मरीज विदेश से लौटे हैं और अभी तक कोई स्थानीय मामला दर्ज नहीं हुआ है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने 19 अगस्त को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के 47 वर्षीय व्यक्ति का मामला दर्ज किया था, जो हाल ही में सऊदी अरब से लौटे थे। वह एमपॉक्स के लक्षणों के कारण पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती हुए थे।
विज्ञापन
अस्पताल के एक अन्य डॉक्टर नसीम अख्तर ने मीडिया को बताया कि मरीज में एमपॉक्स के लक्षण दिखे और उन्हें पीआईएमए में विशेष वार्ड में रखा गया। हालांकि, उनकी उनमें एमपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि नहीं की गई थी। शनिवार को कराची में एमपॉक्स के लक्षण दिखाने वाले एक अन्य मरीज को अलग रखा गया। लेकिन बाद में उनमें एमपॉक्स का कोई संक्रमण नहीं पाया गया।
पाकिस्तान में अब तक जिन मामलों की पुष्टि की गई है, उनकी संख्या को लेकर अभी भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। लेकिन खैबर पख्तूनख्वा के अधिकारियों ने हाल ही में पुष्टि की कि देश में कुल चार मामलों की पुष्टि की गई है। पाकिस्तान ने विदेश यात्रा से लौटे मरीजों को देखते हुए हवाई अड्डे पर सख्त स्क्रीनिंग प्रणाली शुरू की है।