ऑकलैंड से एक अजीब मामला सामने आया है, जिसमें एक मीटर अतिरिक्त जगह पर घर बनाना एक शख्स को भारी पड़ गया है। अब बिल्डर उस मकान मालिक से अपने घर को या तो एक मीटर खिसकाने या फिर डेढ़ करोड़ रुपये जुर्माना भरने के लिए कह रहा है।
वहीं अब मकान मालिक ने इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मकान मालिक पर आरोप है कि उसने पड़ोसी की एक मीटर जमीन पर अपना घर बना लिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मकान मालिक का नाम दीपक लाल है और जहां उन्हें घर बनाना था और जहां घर बन गया, वहां एक मीटर का अंतर है लेकिन अब इसके लिए मकान मालिक को लाखों रुपये खर्च करने होंगे।
दीपक लाल ने पापाकुरा में घर के डिजाइन और निर्माण के लिए पिनेकल होम्स को अनुबंधित किया था और 2020 के मध्य तक यह लगभग पूरा हो गया था। हालांकि तीन बेडरूम वाले घर का काम तब रुक गया था, जब अगस्त में निर्माण कंपनी ने बाउंड्री मिक्सअप के लिए उन्हें बुलाया।
वहीं कोर्ट में मामला जाने के बाद दीपक लाल ने कहा कि ये मेरे लिए बुरे सपने से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि घर के डिजाइन को ऑकलैंड काउंसिल ने मंजूरी दी थी, इसलिए इसकी जिम्मेदारी काउंसिल पर होनी चाहिए। वहीं दीपक लाल के वकील मैट टेलर ने कहा कि एक पत्र में पिनेकल होम्स और कंपनी के डिजाइन मुख्यालय में कहा गया कि घर के स्थान को प्रमाणित करने के लिए एक सर्वेक्षक को तैनात किया गया है।
इस मुद्दे को लेकर टेलर ने कहा कि ऐसा लगता है कि यह समस्या डिजाइन में कमी के परिणामस्वरूप पैदा हुई। इधर पिनेकल होम्स के प्रोजेक्टर मैनेजर जॉनी भट्टी का कहना है कि जब उन्होंने लाल के घर के दस्तावेजों की जांच की और पाया कि कुछ गड़बड़ है तो उन्हें पता चला कि गड़बड़ी हुई है।