हमला बुधवार रात को हुआ था। जिस समय घटना घटी उस समय राष्ट्रपति इटनो महल के अंदर ही मौजूद थे। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया था।
मध्य अफ्रीकी देश चाड के राष्ट्रपति महमहत डबी इटनो के महल पर बड़ा हमला किया गया। इस हमले में सुरक्षाबलों ने 18 हमलावरों को मार गिराया। साथ ही छह को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान एक सैनिक की भी जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
हमले के वक्त महल में ही मौजूद थे राष्ट्रपति
हमला बुधवार रात को हुआ था। जिस समय घटना घटी उस समय राष्ट्रपति इटनो महल के अंदर ही मौजूद थे। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया था। इसके अलावा, देर रात विदेश मंत्री अब्देरमान कुलामल्लाह ने एक लाइव फेसबुक प्रसारण में कहा, 'हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है। कोई डर की बात नहीं है।'
क्या बोले विदेश मंत्री?
विदेश मंत्री ने एक टीवी इंटरव्यू में महल के रक्षाकर्मियों की चौकसी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह से शांत है और लोग घबराएं नहीं। इसके साथ ही उन्होंने उन्होंने हमलावरों को असंगठित और नशे में बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह आतंकवादी हमला था, तो उन्होंने कहा कि शायद ऐसा नहीं था, क्योंकि हमलावर राजधानी एनजामेना के स्थानीय युवक थे।
विज्ञापन
यह हमला चीन के विदेश मंत्री वांग यी की चाड की राजधानी एनजामेना में अधिकारियों से मुलाकात के कुछ घंटे बाद हुआ था।
बोको हराम ने कराया हमला?
हमले के बाद अफवाहें फैलने लगी कि यह हमला बोको हराम ने कराया था। बता दें, बोको हराम ने एक दशक से भी ज्यादा समय पहले पश्चिमी शिक्षा के खिलाफ विद्रोह शुरू किया था। वो नाइजीरिया के उत्तर-पूर्व में इस्लामी कानून स्थापित करना चाहता है। यह विद्रोह कैमरून, नाइजर और चाड सहित पड़ोसी पश्चिमी अफ्रीकी देशों में फैल गया है। करीब 1.8 करोड़ लोगों वाला देश चाड विवादास्पद राष्ट्रपति चुनाव से पहले और बाद में राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रहा है।