बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बुरिगंगा नदी में 100 से अधिक यात्रियों को ले जाने वाली नौका दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में तीन बच्चों समेत 32 लोगों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ढाका के श्यामबाजार इलाके में हुई। फिलहाल कई यात्रियों के लापता होने की खबर है।
द डेली स्टार ने फायर सर्विस और सिविल डिफेंस ड्यूटी अधिकारी शहादत हुसैन के हवाले से बताया कि घटना में 18 पुरुषों, सात महिलाओं और तीन बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। पीड़ितों की अभी पहचान नहीं की जा सकी है। हुसैन ने कहा कि मुशीगंज से ढाका आ रही ‘मॉर्निंग बर्ड’ नामक नौका सदरघाट लॉन्च टर्मिनल के पास एक अन्य लॉन्च ‘मोयूर -2’ की चपेट में आने के बाद नदी में जा गिरी।
कुछ यात्री तैरने में कामयाब रहे, लेकिन कई लोग अभी भी लापता हैं। फायर सर्विस के गोताखोरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बांग्लादेश इनलैंड वाटर ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी और तटरक्षक बल की मदद से बचाव अभियान शुरू किया है।
सुबह 9.30 बजे के आसपास हुआ हादसा
बांग्लादेश के एक न्यूज चैनल ने फायर सर्विस कंट्रोल रूम अधिकारी रोजिना इस्लाम के हवाले से बताया कि यह हादसा ढाका के श्यामबाजार के पास सुबह 9.30 बजे के आसपास हुआ।बीआईडब्ल्यूटीए के ट्रांसपोर्ट इंस्पेक्टर ने कहा कि मॉर्निग बर्ड नाम की एक नाव मुंशीगंज से सदरघाट की ओर जा रहा थी, जब वह चांदपुर से आ रही मोयूरी -2 नामक नाव से टकरा गई। इस टक्कर में मॉर्निग बर्ड नामक नाव डूब गई।
कुछ लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई, वहीं कुछ को निकाला गया। प्रशासन ने कहा 'अभी पता नहीं है कि कितने लोग बचाए जा चुके हैं और कितने लापता हैं। राहत कार्य अभी भी जारी है। नेवी, कोस्ट गॉर्ड की टीम और फायर सर्विस की टीम लगाई गई है।