ईरान में शनिवार को लोगों ने उत्साह के साथ क्रांति की 44वीं वर्षगांठ मनाईं लेकिन इस दौरान सरकार विरोधी हैकरों की नजर इस कार्यक्रम पर बनी रही। हैकरों ने राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी के एक टेलीविजन भाषण को संक्षिप्त रूप से बाधित कर दिया। बता दें कि देश में राष्ट्रपति रायसी को हटाने के लिए कई युवा प्रदर्शनकारी पिछले कुछ दिनों से सड़क पर उतर रहे हैं। हालांकि, सरकार युवाओं के इस प्रदर्शन के खिलाफ काफी सख्ती भी बरत रही है।
राष्ट्रपति के लाइव टीवी भाषण को लगभग एक मिनट के लिए बाधित किया गया
राष्ट्रपति के लाइव टेलीविजन भाषण को लगभग एक मिनट के लिए इंटरनेट पर बाधित किया गया था, जिसमें ईरानी सरकार विरोधी हैकर्स के एक समूह की स्क्रीन पर एक लोगो दिखाई दे रहा था, जिसे "एदलते अली (जस्टिस ऑफ अली)" के नाम से जाता है। इस दौरान एक आवाज भी आई "इस्लामिक गणराज्य की मौत।"
ईरानी क्रांति की 44वीं वर्षगांठ को लेकर युवाओं में उत्साह दिखा
हजारों ईरानियों ने क्रांतिकारी और धार्मिक नारों वाले झंडों, गुब्बारों और तख्तियों से सजी प्रमुख सड़कों और चौराहों से मार्च किया। सेना ने अपनी एमाद और सेज्जिल बैलिस्टिक मिसाइलों और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ शहीद-136 और मोहजर ड्रोन का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रपति रायसी ने विरोध प्रदर्शनों को ईरान के दुश्मनों द्वारा प्रायोजित बताया
राजधानी तेहरान में आजादी स्क्वायर में एक भाषण में, राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी ने विरोध प्रदर्शनों को ईरान के दुश्मनों द्वारा एक परियोजना के रूप में संदर्भित किया, जिसका उद्देश्य राष्ट्र को अपनी उपलब्धियों को जारी रखने से रोकना था। रायसी ने देश में क्रांति के बाद की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उत्सव को "महाकाव्य" और "राष्ट्रीय अखंडता" का एक शो कहा। इस टिप्पणी ने भीड़ को "अमेरिका को मौत" का जाप करने के लिए प्रेरित किया।