कहते हैं कि मायानगरी 'मुंबई' के जितने रूप उतनी ही बातें। मायानगरी की एक तस्वीर ने एप्पल के सीईओ टिम कुक को अपना मुरीद बना लिया। हालांकि इस तस्वीर का ऑस्ट्रेलिया से भी कनेक्शन है। आप सोच रहे होंगे कि तस्वीर मुंबई की, तारीफ करने वाले एप्पल के सीईओ फिर इन सबके बीच ऑस्ट्रेलिया का क्या कनेक्शन है।
मुंबई की वो तस्वीर जिसके मुरीद सीईओ टिम कुक हो गए, उस तस्वीर को कैमरे में कैद करने वाला शख्स ऑस्ट्रेलिया का एक फोटोग्राफर है। ये तस्वीर आईफोन से ली गई है। इस तस्वीर को ‘वाईब्रेंट मुंबई’ नाम दिया गया है। कुक ने तस्वीर की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े हैं।
मेलबर्न के फोटोग्राफर एंड्र्यू नीबोन ने मुंबई शहर की तस्वीरों को अपने आईफोन में कैद किया है। तस्वीरों में शहर में पत्थरों से बना फुटपाथ, आंखों के साथ ही मन को आकर्षित कर लेने वाले रंगों से रंगी दीवार शामिल है। एक तस्वीर पत्थर की दीवार से चिपके सूखे हुए पीले फूल की भी है।
फोटोग्राफर नीबोन ने ट्वीट किया, ‘‘मैं हमेशा मानता हूं कि दुनिया सुंदर जगह है। भारत की अपनी सुंदरता है, पत्थर के फुटपाथ से लेकर चटख रंगों में रंगी दीवारों तक, मैंने ये वॉलपेपर मुंबई में अपने आईफोन एक्सआर से ली गई तस्वीरों से बनाया है।’’
नीबोन के इस ट्वीट पर एप्पल के सीईओ टिम कुक की नजर पड़ी तो वो भी तस्वीर के मुरीद हो गए। उन्होंने इस तस्वीर को री-ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि 'आईफोन से ली गई तस्वीरें बहुत अच्छी लग रही हैं। मुंबई की इतनी सुंदर झलक साझा करने के लिए धन्यवाद... एंड्र्यू नीबोन। इस ट्वीट का जवाब देते हुए नीबोन ने कुक को भी धन्यवाद दिया है।