अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को अपने कार्यकाल का अंतिम भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने विदेश विभाग के कर्मचारियों से विदाई ली और उनमें उत्साह भरा। उन्होंने कैरियर कर्मचारियों से अपील की कि वे अमेरिकी विदेश नीति को आगे बढ़ाने के अपने मिशन को जारी रखें। ब्लिंकन की विदाई ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिकी राजनयिकों के सामने यह अनिश्चिता है कि आने वाला ट्रंप प्रशासन विदेश में रिश्तों और प्रतिस्पर्धा को कैसे संभालेगा।
बता दें कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इसके बाद नए विदेश मंत्री के रूप में मार्को रुबियो ब्लिंकन की जगह लेंगे।
ब्लिंकन ने कर्मचारियों के काम की सराहना की
एंटनी ब्लिंकन ने विदेश विभाग के मुख्य वाशिंगटन प्रवेश द्वार पर सैकड़ों कर्मचारियों के सामने अपना अंतिम भाषण दिया। अपने अंतिम संबोधन में, ब्लिंकन ने अफगानिस्तान, यूक्रेन और मध्य पूर्व जैसे कई मुद्दों के बावजूद पिछले चार वर्षों में कर्मचारियों के काम की सराहना की। उन्होंने कहा, 'आपके बिना, यह दुनिया और हमारा देश बहुत अलग दिखते। आपके साथ, दोनों बहुत बेहतर हैं। आप हर दिन चीजों को थोड़ा बेहतर और शांतिपूर्ण बनाने के लिए काम कर रहे हैं। यह आपका मिशन है, और आप इसे बहुत अच्छी तरह से करते हैं। बता दें कि प्रवेश द्वार को उन सभी देशों के झंडों से सजाया गया था, जिनके साथ अमेरिका के राजनयिक संबंध हैं।
ब्लिंकन की कर्मचारियों से लचीला बने रहने की अपील
ब्लिंकन ने कर्मचारियों से लचीला बने रहने की अपील की। उन्होंने कहा, 'यह परिवर्तन का समय है। लेकिन आप में से अधिकांश सोमवार को आएंगे और अपना काम करते रहेंगे। मुझे यकीन है कि आप यही करेंगे।'
उन्होंने कर्मचारियों को 'अमेरिकी कूटनीति की शक्ति और वादे के संरक्षक' कहा और अपने भाषण को 'आगे बढ़ते रहने' के संदेश के साथ समाप्त किया।
ट्रंप ने विदेश विभाग को 'डीप स्टेट डिपार्टमेंट' के रूप में किया था संदर्भित
बता दें कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश विभाग की पारंपरिक भूमिका पर संदेह जताया है। उन्होंने इसे 'डीप स्टेट डिपार्टमेंट' के रूप में संदर्भित किया था, और कहा कि वे उन अधिकारियों को हटाना चाहते हैं जो राष्ट्रपति के प्रति वफादार नहीं हैं।
रुबियो ने कहा- वे विदेश सेवा का सम्मान करते हैं
ट्रंप ने ब्लिंकन के उत्तराधिकारी के रूप में फ्लोरिडा के सीनेटर मार्को रुबियो को चुना है। रुबियो ने कहा कि वे विदेश सेवा का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक इस बारे में कोई विस्तृत योजना नहीं बनाई है कि विभाग का प्रबंधन कैसे किया जाएगा।