अमीश शाह अमेरिकी कांग्रेस में टैरिफ, सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं और कांग्रेस के अधिकारों को मजबूत करने के मुद्दे उठाएंगे। वह भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों की समस्याओं और प्रवासी समुदाय के खिलाफ नफरत का भी विरोध करेंगे। उनकी मां के अमेरिका पहुंचने के पीछे मुंबई के जवेरी बाजार में उनके मामा की एक छोटी-सी मदद की अहम भूमिका रही थी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
भारतीय मूल के अमीश शाह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल की तीन बड़ी प्राथमिकताएं बताई हैं। इनमें ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए टैरिफ को वापस कराने की कोशिश, अमेरिकी कांग्रेस के अधिकारों को मजबूत करना और लोगों को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है। एरिजोना के पहले कांग्रेसनल जिले से निर्वाचित शाह ने कहा कि अमेरिकी जनता चाहती है कि सरकार महंगाई और अर्थव्यवस्था पर ध्यान दे। लोगों को ऐसी अर्थव्यवस्था चाहिए, जिसका फायदा सभी को मिले। इसके साथ ही स्वास्थ्य बीमा का प्रीमियम कम करने और हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने की जरूरत है।
विज्ञापन
ट्रंप के टैरिफ से भारतीय कारोबारियों को परेशानी
अमीश शाह ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के टैरिफ का असर भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों पर भी पड़ा है। खासतौर पर रत्न और आभूषण कारोबार से जुड़े उद्यमियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों ने उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बताई हैं। ये चिंताएं उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं और वह इस दिशा में समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। शाह तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए हैं। 120वीं अमेरिकी कांग्रेस का कार्यकाल तीन जनवरी 2027 से शुरू होकर तीन जनवरी 2029 तक चलेगा। यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी दो वर्षों के दौरान काम करेगी।
रिपब्लिकन सदस्यों के साथ मिलकर करेंगे काम
शाह ने कहा कि वह अपने चुनावी वादों को पूरा करने के लिए दोनों राजनीतिक दलों के सदस्यों के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्हें एरिजोना की राज्य विधानसभा में तीन कार्यकाल तक काम करने का अनुभव है। उन्होंने बताया कि वहां रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत होने के बावजूद उन्होंने दूसरे दल के सदस्यों के सहयोग से कई विधेयकों को कानून बनवाया। उनके मुताबिक, पिछले एक दशक में एरिजोना की राज्य विधानसभा में किसी भी डेमोक्रेट नेता के मुकाबले उनके ज्यादा विधेयक कानून बने।
प्रवासी समुदाय के खिलाफ नफरत पर उठाएंगे आवाज
अमेरिका में भारतीयों और दूसरे प्रवासी समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत की घटनाओं पर भी शाह ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को भेदभाव के खिलाफ खुलकर बोलना चाहिए। ऐसे माहौल में कई लोग डरे हुए और अकेले महसूस करते हैं। उन्हें अपने जनप्रतिनिधियों से उम्मीद होती है कि वे उनके साथ खड़े हों और नफरत की निंदा करें। शाह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को मिले मंच का इस्तेमाल देश में सही नैतिक माहौल बनाने के लिए होना चाहिए।
मुंबई के जवेरी बाजार से जुड़ी है परिवार की कहानी
शिकागो में जन्मे शाह के परिवार की जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि 1950 के दशक के आखिरी वर्षों में मुंबई के जवेरी बाजार में उनके मामा आभूषण की दुकान चलाते थे। एक दिन मिशिगन के सेवानिवृत्त जज मार्क हॉवर्ड गर्मी के कारण वहां बेहोश होने की स्थिति में पहुंच गए। उनके मामा उन्हें दुकान के अंदर ले गए और कोका-कोला पीने के लिए दिया। इसी मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत और संपर्क बना। बाद में हॉवर्ड ने शाह की मां को अमेरिका में पढ़ाई के लिए प्रायोजित किया। उन्होंने 1969 में मिल्वौकी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में पढ़ाई शुरू की। शाह ने कहा कि उनकी मां परिवार को हमेशा इस मदद के बारे में बताती थीं, क्योंकि इसी उदारता की वजह से आज वह इस मुकाम पर हैं।