अमेरिकी वायुसेना में पहली बार धर्म के आधार पर किसी सैनिक को पहनावे में छूट मिली है। अमेरिकी हवाई बल के एक सिख वायुसैनिक हरप्रीतिंदर सिंह बाजवा को दाढ़ी, पगड़ी और लंबे केश रखने की अनुमति दे दी गई है।
2017 में अमेरिकी वायुसेना में शामिल हुए बाजवा को सैन्य शाखा के ग्रूमिंग और ड्रेस कोड के नियमों के कारण अपने धार्मिक सिद्धांतों का पालन करने में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने अपने पहनावे में छूट को लेकर आवेदन दिया था। न्यू यॉर्क के एक मीडिया समूह में छपी खबर के मुताबिक वायुसेना ने सिख अमेरिकन वेटेरन्स अलायंस और अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन (एसीएलयू) से प्रतिवेदन मिलने के बाद बाजवा को यह छूट दी।
वायुसेना से अनुमति मिल जाने के बाद हरप्रीतिंदर सिंह बाजवा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि वायुसेना ने मुझे धार्मिक अनुकूलता की अनुमति दे दी है। आज, मुझे महसूस हो रहा है कि मेरे देश ने सिख संपदा को अपना लिया है और मैं इस अवसर के लिए हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।
अब मैककोर्ड वायुसेना स्टेशन में चालक दल के प्रमुख, बाजवा ड्यूटी पर मौजूद रहने वाले ऐसे पहले वायुसैनिक बन गए हैं जिन्हें वायुसेना में सेवा देते हुए सिख धर्म के अनुकूल पहनावे और धार्मिक सिद्धांतों के पालन की अनुमति मिली है।