सीनियर बुश ने साल 1963 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उस समय वे टेक्सास से रिपब्लिकन पार्टी के चेयरमैन चुने गए थे। उसके बाद तो वो लगातार आगे बढ़ते रहे, जब तक राष्ट्रपति के पद तक न पहुंच गए। बता दें कि साल 1836 के बाद बुश पहले ऐसे उपराष्ट्रपति थे जो राष्ट्रपति भी बने थे।
गंजे भी हो गए थे सीनियर बुश?
एक बार ल्यूकीमिया से पीड़ित एक बच्चे के प्रति समर्थन दिखाने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति सीनियर बुश ने सिर के बाल कटा दिए थे। दरअसल, उनकी सुरक्षा में लगे एक सीक्रेट सर्विस एजेंट का दो वर्षीय बेटे को कैंसर के इलाज के दौरान अपने बाल गंवाने पड़े थे। बुश ने उस बच्चे के प्रति अपना सहानुभूति दिखाते हुए अपने भी सिर के बाल कटा दिए थे।
सीनियर बुश पर यौन उत्पीड़न के भी आरोप लगे थे। एक अभिनेत्री हीथर लिंड ने उनपर ये आरोप पिछले साल ही लगाया था। अभिनेत्री का कहना था कि पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश सीनियर ने अपनी व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे उसे पीछे से छुआ था और फोटो खिंचाने के दौरान गंदा मजाक किया था।
हालांकि सीनियर बुश ने बाद में इस आरोप पर माफी मांग ली थी। उनके एक प्रवक्ता का कहा था, 'राष्ट्रपति बुश किसी भी सूरत में कभी जान-बूझकर किसी को तकलीफ नहीं देते और अगर उनकी हंसी-मजाक की कोशिश से कोई आहत हुआ है तो वो इसके लिए पूरी गंभीरता से माफी मांगते हैं।'