मेलानिया ट्रंप के साथ दिखाई दे रहे जोशुआ ट्रंप सोते हुए
- फोटो : Social Media
जोशुआ ट्रंप का 'स्टेट ऑफ द यूनियन स्पीच' कार्यक्रम में सोता हुआ फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। अब इस फोटो के जरिए लोग डोनाल्ड ट्रंप का मजाक बना रहे हैं।
दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस में अपने दूसरे 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन के लिए छठी कक्षा के छात्र जोशुआ ट्रंप को भी आमंत्रित किया था। पर 80 मिनट लंबी स्पीच में बोरियत के चलते एक विशेष अतिथि जोशुआ सो गया। विशेष अतिथि को स्पीच के दौरान सोता देख मीडिया और डोनाल्ड ट्रंप के आलोचकों को अमेरिका के राष्ट्रपति पर तंज कसने एक मौका मिल गया।
कई लोगों ने जोशुआ ट्रंप की तस्वीर शेयर करते हुए दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दी। जैफरी इवन गोल्ड ने ट्वीट किया, 'राष्ट्रपति ट्रंप के स्टेट ऑफ द यूनियन के दौरान हम सब जोशुआ ट्रंप बन गए थे।' वहीं एक यूजर ने लिखा- जोशुआ ट्रंप एकमात्र अच्छा ट्रंप है।
कौन है जोशुआ ट्रंप?
अमेरिका में सोशल मीडिया पर जोशुआ को हीरो की तरह पेश किया जा रहा है। दरअसल ट्रंप सरनेम होने की वजह से जोशुआ के साथ पढ़ने वाले बच्चे उसे काफी परेशान करते थे। जोशुआ के माता-पिता ने बताया कि ट्रंप सरनेम होने की वजह से उसके साथी उसे 'इडियट' और 'स्टुपिड' कहकर चिढ़ाते थे। इसलिए उन्होंने उसे स्कूल से निकाल लिया, लेकिन एक साल बाद जब वह लौटा तो छात्रों ने ऐसा करना जारी रखा।
इसके बाद उसकी मां ने उसके लिए एक नई बस का इंतजाम किया, लेकिन पहले ही दिन ड्राइवर ने उससे उसके नाम के बारे में पूछा। जोशुआ उन 13 लोगों में था जिसे अमेरिका की फर्स्ट लेडी ने आमंत्रित किया।