अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी और देश की प्रथम महिला मिशेल ओबामा उस समय भावुक हो गईं, जब व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में एक बच्ची ने उन्हें अपने पिता का बायोडाटा पकड़ा दिया।
मौक़ा था अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस में गुरुवार को आयोजित 'टेक अवर डॉटर्स एंड संस टू वर्क डे' यानी की बच्चों को करियर संबंधी सलाह देने के लिए आयोजित होने वाला कार्यक्रम।
इस कार्यक्रम में 10 साल की चार्लोट बेल ने मिशेल क्लिक करें ओबामा से कहा कि उसके पिता पिछले कई सालों से बेरोज़गार हैं।
यह सुनकर मिशेल ओबामा ने वहां उपस्थित अन्य बच्चों से कहा कि यह लड़की अपने पिता के लिए कुछ कर रही है।
इस कार्यक्रम में ओबामा प्रशासन के कर्मचारियों के बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम ख़त्म होने के बाद मिशेल ओबामा ने चार्लोट को गले लगा लिया और उसके पिता का बायोडाटा ले लिया।
चार्लोट की माँ एक प्रशासनिक कर्मचारी हैं। उन्होंने अपना नाम न ज़ाहिर करने के अनुरोध के साथ समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि उनके पति ने 2012 में ओबामा के चुनाव प्रचार अभियान के लिए काम किया था। उसके बाद से ही वो काम की तलाश में हैं।
चार्लोट परिवार ने सप्ताहांत में देश की प्रथम महिला से काम पाने में सहायता मांगने को लेकर मज़ाक़ किया था। चार्लोट की माँ ने कहा कि वो ये नहीं जानतीं थीं कि वह इसके लिए प्रयास करेगी।