अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा उस समय परेशान होकर झुंझला गए, जब ‘एलजीबीटी प्राइड मंथ’ पर व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में एक कार्यकर्ता ने एलजीबीटी अप्रवासियों के निर्वासन को लेकर उनके प्रशासन की नीतियों का विरोध करते हुए कई सवाल पूछे।
कार्यकर्ता के बार-बार टोकने और सवाल करने से झुंझलाए अमेरिकी राष्ट्रपति ने उन्हें व्हाइट हाउस से निकालने तक को कह दिया।
कार्यक्रम के दौरान बार-बार सवाल पूछने से गुस्साए ओबामा ने विरोध कर रहे एलजीबीटी कार्यकर्ता से सीधे कहा, ‘नहीं, नहीं, नहीं। आपको शर्म आनी चाहिए। आपको ऐसा नहीं करना चाहिए।
उनको आखिरी मौका देते हुए ओबामा ने कहा, ‘सुनो, आप मेरे घर में हैं। अगर आप किसी के घर जाते हैं, तो ऐसा व्यवहार करना शोभनीय नहीं होता है।’
इसके बाद फिर से सवाल पूछने पर नाराज ओबामा ने अपने सुरक्षा अधिकारी से कहा, ‘क्या हम इनको बाहर कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यहां आप चुपचाप रहकर बैठ सकते हैं, वरना हमें आपको बाहर निकालना होगा।’