बिल और हिलेरी क्लिंटन की बेटी चेल्सी क्लिंटन मां बननेवाली हैं।
बहुत अच्छी खबर है। बधाई हो।
अमरीकी मीडिया से अमरीका के नंबर एक राजनीतिक खानदान के लिए कायदे से यही आवाज सुनाई देनी चाहिए थी। लेकिन जब से अखबार रंगीन हुए हैं, खबरें भी रंगीन नजर आनी चाहिए तो चलिए थोडा बहुत मां-बाप, नानी-नाना की हंसती-मुस्कराती, बेटी-दामाद को गले लगाती डिजाइनर कपडों वाली तस्वीरें भी छाप लें।
मरफी रेडियो के गोलूमोलू बच्चे जैसी तस्वीर के साथ लडका होगा या लडकी, शकल सूरत बाप जैसी होगी या नाना जैसी, इन सब पर जितनी पतंगबाजी की जा सकती है वो भी कर लें। अब 34 साल की शादीशुदा महिला मां बनने जा रही है तो इससे ज्यादा मसाला और क्या डाल लेंगे? लेकिन यहां जो आवाजें सुनाई दीं वो अपने आप में अमरीकी मीडिया पर पीएचडी करने का विषय है।
यहां पूरे जोशोखरोश के साथ मीडिया में ये बहस छिडी हुई है कि ये बच्चा हिलेरी के 2016 के चुनावी मुहिम के लिए फायदेमंद होगा या उससे हिलेरी की इमेज को नुकसान पहुंचेगा!
जिस बिचारे या बिचारी ने अभी मां के पेट के अंदर शायद हाथ-पांव मारना भी नहीं शुरू किया होगा, जिसकी धडकनें अभी शायद डॉक्टर ही पकड पाता होगा, वो अमरीका की सियासी नब्ज पर क्या असर डालेगा उस पर पन्ने रंगे जा रहे हैं। ऐंकर समेत चार-चार राजनीतिक विश्लेषक टेलीविजन पर ऐसी बहस कर रहे हैं जैसे ईरान और सीरिया का भविष्य तय होनेवाला हो।