दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई इन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने शनिवार को दोनों देशों को विभाजित करने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र में एक-दूसरे से फिर से मुलाकात की। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के बाद हुई जिसमें उन्होंने संभावना जताई कि उत्तर कोरिया के साथ शिखर वार्ता अब भी संभव हो सकती है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ‘ब्ल्यू हाउस’ ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच पनमुंजम के गांव में दो घंटे तक बातचीत का सिलसिला चला। ये दोनों नेता पिछले महीने भी यहीं मिले थे।
दोनों ने आपसी संबंधों को सुधारने की प्रतिबद्धता जाहिर की थी। ब्ल्यू हाउस ने एक बयान में बताया, दोनों ने एक-दूसरे से विचार-विमर्श किया एवं पनमुंजम समझौते को लागू करने के तरीकों और अमेरिका व उत्तर कोरिया के बीच होने वाली मुलाकात को सफल बनाने पर चर्चा की।’