एक प्रभावशाली अमेरिकी सांसद ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के उस कदम की निंदा की है, जिसमें शरीफ ने पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन में एक आतंकवादी की प्रशंसा की थी। कांग्रेस के सदस्य टेड पोए ने ट्वीट कर कहा, ‘मुझे यह देखकर निराशा हुई कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र में उस आतंकवादी समूह की प्रशंसा की जो अपने मकसद को पूरा करने के लिए हिंसा का रास्ता अपनाता है।’ शरीफ ने 21 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी को एक युवा नेता बताया था।
आतंकवाद, परमाणु अप्रसार एवं व्यापार के लिए सदन की विदेश मामलों की उपसमिति के अध्यक्ष पोए ने पिछले हफ्ते प्रतिनिधि सभा में एक विधेयक पेश किया था, जिसमें पाकिस्तान को आतंकवाद के प्रायोजक देश के तौर में सूचीबद्ध करने की बात की गई है। कांग्रेस के सदस्य डाना रोहराबाचर ने इस विधेयक का समर्थन किया था। इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए सदन की विदेश मामलों की समिति के पास भेज दिया गया है।
इस विधेयक से उत्साहित भारतीय अमेरिकियों ने व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर ‘वी द पीपुल’ ऑनलाइन याचिका शुरू की है, जिसमें ओबामा प्रशासन से पाकिस्तान को आतंकवाद के प्रायोजक देश के रूप में सूचीबद्ध करने की मांग की गई है। इसके समर्थन में बुधवार देर रात तक तकरीबन 265000 लोग इस अर्जी पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। इस अर्जी पर ओबामा प्रशासन को 60 दिनों के भीतर जवाब देना है।