अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए रिपब्लिकन की उम्मीदवारी की दौड़ में सबसे आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी टेड क्रूज के बीच सियासी जंग घटिया स्तर पर पहुंच गई है। अब दोनों सोशल मीडिया पर एक-दूसरे की पत्नियों को निशाना बना रहे हैं। अमेरिकी राजनीति में ऐसा कम ही देखने को मिलता है। मंगलवार को एरिजोना और उटाह में होने वाले मतदान से पहले ट्रंप विरोधी खेमे ने उनकी पत्नी मेलानिया की उत्तेजित करने वाली न्यूड तस्वीर का विज्ञापन दिया है, जिसको फेसबुक में पोस्ट किया गया है।
इसके साथ लिखा गया है, ‘मिलिए मेलानिया ट्रंप से, आपकी अगली प्रथम महिला।’ 45 वर्षीय मेलानिया ट्रंप स्लोवेनियाई मूल की अमेरिकी ज्वेलरी डिजाइनर और पूर्व मॉडल हैं, जिन्होंने इस तस्वीर को 2000 में एक मैगजीन के लिए शूट किया था। तब मेलानिया और डोनाल्ड ट्रंप की शादी भी नहीं हुई थी। इससे गुस्साए ट्रंप ने ट्वीट कर क्रूज की पत्नी हीदी की पोल खोलने की धमकी दी। उन्होंने ट्विटर पर एक तस्वीर साझा कर अपनी पत्नी मेलानिया और क्रूज की पत्नी हादी की तुलना करते हुए कहा कि एक तस्वीर की कीमत एक हजार शब्द की होती है।
दरअसल, ट्रंप का कहना था कि क्रूज की पत्नी खूबसूरत नहीं है। इसके जवाब में क्रूज ने कहा, ‘डोनाल्ड, जो असली पुरुष होते हैं, वे महिलाओं को निशाना नहीं बनाते हैं। तुम्हारी पत्नी सुंदर है और हादी मेरे जीवन का प्रेम है। अगर तुम मेरी पत्नी को निशाना बनाते हो, तो तुम सबसे ज्यादा कायर हो।’