उत्तर कोरिया में तीन अमेरिकी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। उनकी रिहाई के लिए विदेश मंत्री माइक पोंपिओ बुधवार को कोरियाई प्रायद्वीप पहुंचे थे। जिसके बाद तीनों को रिहा कर दिया गया है। उन्हें लेकर वह अमेरिका रवाना हो गए थे। अपने तीन नागरिकों को वाशिंगटन के नजदीकी एयरबेस में लेने के लिए खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहुंचे।
डोनाल्ड ने उत्तर कोरिया के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हम
किम जोंग-उन के इस निर्णय का स्वागत करते हैं कि उन्होंने इन तीनों को मुलाकात से पहले रिहा कर दिया। यह हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण चीज है। बता दें कि अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच प्रस्तावित शिखर वार्ता से पहले कूटनीतिक रिश्तों में सरगर्मियां देखने को मिल रही हैं।
पोंपिओ कुछ ही सप्ताह के अंतराल पर दूसरी बार उत्तर कोरिया गए थे। हालांकि विदेश मंत्री के तौर पर यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली ऐतिहासिक मुलाकात की जमीन तैयार करने के लिए वह बिना किसी औपचारिक घोषणा के यहां पहले भी जा चुके हैं। कहा जा रहा था कि अमेरिकी नागरिकों की रिहाई की प्रक्रिया भी उन्होंने आगे बढ़ाई है।
पिछले साल तक उत्तर कोरिया के परमाणु और बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण कार्यक्रमों को लेकर किम और ट्रंप ने एक-दूसरे को अपमानित किया था और युद्ध की चेतावनी भी दी थी। हालांकि बाद में सुर बदलते हुए ट्रंप ने व्हाइट हाउस से प्रसारित एक टीवी संबोधन में कहा था कि हमारा मानना है कि उत्तर कोरिया के साथ संबंध सुधर रहे हैं।