ट्विटर पर महिलाओं के साथ बर्ताव को लेकर सोशल साइट का ‘हैशटैग वुमनबॉयकॉटट्विटर’ के जरिये बाहिष्कार करने वाली अमेरिकी अभिनेत्री रोज मैकगोवन का अभियान रंग लाया है। ट्विटर ने ‘अगले कुछ हफ्तों’ में नए सुरक्षा नियमों को लाने का निर्णय किया है।
इस मुद्दे को लेकर ट्विटर की चुप्पी पर महिलाओं ने इस ताकतवर हैशटैग के जरिये बड़ी संख्या में इस अभियान में हिस्सा लिया था। ट्विटर के सीईओ जैक डॉर्सी ने घोषणा की कि हमारी सोशल मीडिया साइट अवांछनीय यौन, नग्नता, नफरत के प्रतीकों, हिंसक समूहों और ऐसे ट्वीट्स, जो हिंसा का महिमामंडन करते हैं, को रोकने के लिए नए सुरक्षा नियम लाएगा।
उन्होंने कहा कि हम पिछले कुछ महीनों से इस पर काम कर रहे हैं और आज (रविवार) हमने इसको लेकर कुछ सख्त कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है। हमने तय किया है कि हम अपने नियमों को और अधिक कड़ा बनाएंगे और उन्हें लागू करेंगे। डोर्सी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।