फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रंप ने पाक को  कहा‘अद्भुत देश’,पाक के इस दावे को ट्रंप की टीम ने झुठलाया

Fri, 02 Dec 2016 01:37 AM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : Forbes
विज्ञापन
पाक पीएम नवाज शरीफ द्वारा अमेरिका के भावी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन पर दी बधाई के दौरान दोनों नेताओं की बातचीत को पाक सरकार ने शेखी बघारते हुए जारी कर दिया है। पाक के दावे के मुताबिक ट्रंप ने शरीफ को ‘कमाल का इंसान’ कहकर उनकी तारीफ करते हुए कहा कि ‘पाकिस्तान के लोग सर्वाधिक बुद्धिमान हैं।’ जबकि दूसरी तरफ अमेरिका में ट्रंप की ट्रांजिशन टीम ने इसे साधारण बातचीत बताकर उसकी पोल खोलकर रख दी।
विज्ञापन


दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर होने वाली चर्चा की जानकारी पाकिस्तान प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो ने एक प्रेस विज्ञप्ति में जारी की। पाकिस्तानी दावे के मुताबिक ट्रंप ने पाक की उन सभी अनसुलझी समस्याओं को सुलझाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार होने की बात कही जिनका पाकिस्तान समाधान चाहता है। ट्रंप के हवाले से पाक सरकार ने दावा किया कि फोन पर शरीफ को कहा गया कि - ‘आपकी साख बहुत अच्छी है और आप एक जबरदस्त इंसान हैं।’ ट्रंप ने कहा कि - ‘आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और वह हर तरह से दिखाई भी दे रहा है। मुझे आपसे मिलने का इंतजार है।’

दावे के मुताबिक ट्रंप ने शरीफ से टेलीफोन पर कहा कि -  प्रधानमंत्रीजी, अब आपसे बात कर रहा हूं तो लगता है कि आपको बहुत लंबे समय से जानता हूं।’ जबकि दूसरी तरफ ट्रंप की ट्रांजिशन टीम ने नवाज शरीफ से हुई बातचीत की पुष्टि करते हुए इसे महज रचनात्मक चर्चा बताया। टीम ने इस बातचीत का ब्यौरा बहुत ही साधारण शब्दों में दिया - ‘दोनों नेताओं के बीच अमेरिका और पाकिस्तान भविष्य में रिश्तों को किस तरह और मजबूत कर सकते हैं इस पर रचनात्मक बातचीत हुई।’
विज्ञापन


ट्रांजिशन टीम के बयान के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने शरीफ को टेलीफोन पर कहा कि - ‘वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ मजबूत और लंबी साझेदारी चाहते हैं।’ हालांकि भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही ट्रंप को फोन पर जीत की बधाई दी थी, लेकिन ट्रांजिशन प्रक्रिया शुरू होने के बाद शरीफ सबसे पहले दक्षिण एशियाई नेता हैं, जिनसे ट्रंप की बातचीत हुई है।

मुस्लिमों पर विवादित बयान देने वाले ट्रंप की बातों से पाकिस्तानी भी हैरान

डोनाल्ड ट्रंप
पाकिस्तान सरकार ने ट्रंप और शरीफ के बीच हुई बातचीत पर जो बयान जारी किया है उसे लेकर पाकिस्तान के सोशल मीडिया में हैरानी जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग हैरानी इसलिए भी जता रहे हैं क्योंकि मुसलमानों को लेकर ट्रंप के अब तक के बयान विवादित रहे हैं।

पाकिस्तान को लेकर 2012 में उन्होंने कहा था कि - ‘यह देश हमारा दोस्त नहीं है।’ ट्रंप पाक को लेकर कई चुभने वाले ट्वीट भी कर चुके हैं। 17 जनवरी 2012 को उन्होंने ट्वीट किया था कि ‘हमने पाक को अरबों अरब डॉलर दिए हैं और हमें क्या मिला? धोखा और बेइज्जती।’

बाद में उन्होंने ट्वीट किया कि ‘अब वक्त है सख्त होने का।’ पाकिस्तानी पत्रकार ओमर कुरैशी ने सोशल मीडिया पर तंज किया है कि - ‘मिस्टर ट्रंप क्या आप जानते हैं कि ज्यादातर पाकिस्तानी मुसलमान हैं, वो कैसे मेधावी और समझदार हो सकते हैं? क्या आप उन्हें अमेरिका में आने से रोकोगे नहीं?’ 
विज्ञापन

आतंकी समूहों पर कार्रवाई करना पाकिस्तान के हित में 

डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : WWE
अमेरिका ने कहा है कि पाकिस्तान की सीमा के अंदर अपने लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश करने वाले आतंकी समूहों के खिलाफ कार्रवाई पाक के हित में है। संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विदेश विभाग के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि निश्चित रूप से यह पाकिस्तान के हित में है कि वह देश की सीमाओं के भीतर सुरक्षित ठिकानों को तलाशने वाले आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा कि वो हमारी कुछ चिंताओं से वाकिफ हैं। टोनर ने एक सवाल पर कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग कई बार स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान ने भी आतंकवाद की कीमत चुकाई है।

व्हाइट हाउस ने 19 नवंबर को कहा था कि पाकिस्तान को उन आतंकवादी समूहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए जो अपनी गतिविधियों के लिए इसकी धरती का इस्तेमाल कर रहे हैं। किसी भी देश को अपनी मिट्टी का इस्तेमाल दूसरे देश पर हमले के लिए नहीं होने देना चाहिए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें