रिपब्लिकन पार्टी की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति पद उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : Reuters
रिपब्लिकन पार्टी की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति पद उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन पर फिर निशाना साधा है। इस बार ट्रंप ने हिलेरी पर न्यूक्लियर डील में सहयोग दिलाने के लिए भारतीय नेताओं से फंड लेने का आरोप लगाया है।
ट्रंप की ओर से आरोपों से भरी 35 पेज की बुकलेट बांटी जा रही है, लेकिन इस बुकलेट में कुछ नया नहीं है जो लिखा गया है वह कई सालों से चर्चा में रहा है। हालांकि ट्रंप कैंप का कहना है कि इस बुकलेट में 50 ऐसे फैक्ट विस्तार से दिए गए हैं जिसे ट्रंप ने पिछली रैलियों में बताया था।
न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी खबर का हवाला देते हुए ट्रंप कैंप ने आरोपों में कहा है कि 2008 में भारतीय नेता अमर सिंह ने क्लिंटन फाउंडेशन को $1,000,001 से लेकर $5,000,000 दान में दिए। 2008 में अमर सिंह यूएस आए थे और न्यूक्लियर डील में डेमोक्रैट्स के अड़ंगा न लगाने के एवज में ये रकम अदा की।
गौरतलब है कि उस समय हिलेरी सिनेटर के पद पर थीं। साथ ही ये भी कहा गया है कि सीआईआई ने भी $500,000 से लेकर $1 मिलियन क्लिंटन फाउंडेशन को दिया था।
ट्रंप ने कहा कि हिलेरी की विदेश नीति के कारण हजारों अमेरिकी लोगों की जान चली गयी, वहीं अरबों डॉलर के नुकसान से साथ आईएसआईएस को भी पनपने का मौका मिला। दूसरी ओर पहले की तरह इस बार भी डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने इन आरोपों का खंडन किया है।
(Published by Abhishek)