अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बेटी इवांका ट्रंप का बचाव किया है जो सरकारी कामकाज से संबंधित सैकड़ों ई-मेल अपने निजी अकाउंट से भेजने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। ट्रंप ने कहा कि ई-मेल में कोई भी गोपनीय जानकारी नहीं थी और न ही सूचनाओं को डिलीट किया गया।
2016 में राष्ट्रपति चुनावों के दावेदार के तौर पर ट्रंप ने पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पर शीर्ष अमेरिकी राजनयिक रहते हुए अपने कार्यकाल के दौरान निजी ई-मेल सर्वर के इस्तेमाल के लिए हमला बोला था। ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने मंगलवार को एक खबर दी कि इवांका ने पिछले साल सरकारी कामकाज संबंधी सैकड़ों ई-मेल अपने निजी ई-मेल अकाउंट से व्हाइट हाउस के सहयोगियों, कैबिनेट के सदस्यों और अपने सहायक को भेजे।
अखबार ने कहा कि यह सरकारी रिकॉर्ड नियमों का उल्लंघन है। ट्रंप ने कहा कि ये ई-मेल पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के ई-मेल जैसे गोपनीयता से जुड़े हुए नहीं थे।
साथ ही ट्रंप ने कहा कि उन्हें उस तरह डिलीट नहीं किया गया जैसे हिलेरी क्लिंटन ने किया था जिन्होंने 33 (000) मेल डिलीट किए। ट्रंप ने कहा कि इवांका ने अपने ई-मेल छिपाने के लिए कोई काम नहीं किया। इवांका ने जो किया वह सबकुछ रिकॉर्ड में है।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पांडेंट्स डिनर में शामिल हो सकते हैं ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगले साल वह व्हाइट हाउस कॉरेस्पांडेंट्स डिनर में शामिल हो सकते हैं क्योंकि अब वह किसी हास्य कलाकार को आमंत्रित नहीं कर रहे हैं। ट्रंप ने मंगलवार की रात ट्वीट किया, ‘‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पांडेंट्स डिनर में तथाकथित हास्य कलाकार माइकल वुल्फ ने पिछले साल बहुत गड़बड़ी की थी। इस साल दशकों में पहली बार उन्होंने हास्य कलाकार की जगह एक लेखक को बुलाया है। हो सकता है मैं जाऊं।’’
व्हाइट हाउस कॉरेस्पांडेंट्स एसोसिएशन ने सोमवार को अपनी घोषणा में कहा था कि पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखक रॉन शेरनोव इस साल वार्षिक डिनर के संबोधित करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति पारंपरिक रूप से इस डिनर में शामिल होते हैं, लेकिन ट्रंप लगातार दो साल इसका हिस्सा नहीं रहे।