अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को कार्यभार संभालने से पांच दिन पहले एक बार फिर रूस के साथ संबंध सुधारने की पहल करने के संकेत देना शुरू कर दिया है। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा कि वह कम से कम कुछ समय के लिए रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों को जारी रखेंगे। लेकिन यदि मास्को मददगार साबित हुआ तो वह उस पर लगे प्रतिबंधों को हटा भी सकते हैं।
ट्रंप ने यह बात ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ में प्रकाशित एक इंटरव्यू में कही। उन्होंने कहा कि यदि रूस आतंकवाद से निपटने के लक्ष्य को हासिल करने में अमेरिका की मदद करता है तो किसी को उस पर क्यों प्रतिबंध लगाना चाहिए, खासतौर पर तब जबकि रूस बड़ी सोच के साथ काम कर रहा हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद वह रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन से जल्द ही मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि पुतिन भी मुझसे मिलना चाहेंगे। ट्रंप ने पुतिन की तारीफ भी की।
डोनाल्ड ट्रंप ने बल देकर कहा कि उनकी टीम के पास ‘90 दिनों के भीतर हैकिंग पर विस्तृत रिपोर्ट’ होगी। उन्होंने फिर से कहा कि रूस के पास उनके खिलाफ संवेदनशील सूचनाएं होने संबंधी दस्तावेज झूठे और फर्जी हैं। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया था कि मास्को के होटल में उनके अश्लील वीडियो संबंधी दस्तावेज फर्जी हैं। उन्होंने इन दस्तावेजों में ‘डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों ही पार्टियों के घटिया राजनीतिक गुर्गों को शामिल बताया।