अमेरिका में पुलिस ने बताया है कि साउथ कैरोलाइना के चर्च में हुई गोलीबारी के सिलसिले में 21 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक चार्ल्सटन में शूटिंग के करीब 13 घंटों बाद डिलैन नाम के इस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। इस गोलीबारी में नौ लोगों की मौत हो गई है।
अमेरिका राष्ट्रपति बराक ओबामा ने गोलीबारी की घटना की भर्त्सना की है और कहा है कि दुनिया के किसी अन्य विकसित देश में इस तरह के घटनाएं बार-बार नहीं होतीं। पुलिस ने इससे पहले इस गोरे संदिग्ध व्यक्ति का सीसीटीवी फुटेज जारी किया था।
साउथ कैरोलाइना में चार्ल्सटन पुलिस ने ट्वीट में उस संदिग्ध आदमी का हुलिया और कपड़ों का ब्यौरा देते हुए बताया था कि वह काले रंग की एक गाड़ी से भाग निकला था।
एमानुएल अफ्रीकन मैथडिस्ट एपिस्कोपल चर्च में हुई गोलीबारी पर चार्ल्स्टन के पुलिस प्रमुख ग्रेगरी मलन ने कहा, 'हम इसे नफरत की वजह से किया गया अपराध मान रहे हैं।'