अमेरिकी चित्रकार जीन मिशेल बास्केट द्वारा 1982 में बनाई गई पेंटिंग को यहां सॉउथे ऑक्शन में रिकॉर्ड 100.5 मिलियन डॉलर में खरीदा गया है। बास्केट की इस पेंटिंग में एक मानव खोपड़ी की शक्ल बनी है। किसी अमेरिकी आर्टिस्ट द्वारा किए गए काम के तौर पर इस पेंटिंग ने आर्टिस्ट एंड वारोल के बाद एक ऑॅक्शन रिकॉर्ड बनाया है।
यह वर्ष 1980 के बाद से बनाई गई यह पहली पेंटिंग है, जिसने तीसरी सबसे ज्यादा महंगी बिकने वाली पेंटिंग का रिकॉर्ड भी बनाया है। सबसे महंगी बिकनी वाली पेंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाब्लो पिकासो के नाम है, जिनकी ‘द वुमेन ऑफ एलजीयर्स’ को 2015 में न्यूयॉर्क के क्रिस्टी में नीलामी के दौरान रिकॉर्ड 179.4 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था।
इस रिकॉर्ड नीलामी के साथ बास्केट की पेंटिंग अब फ्रेंसिस बेकोन और पाब्लो पिकासो के स्तर पर पहुंच गई है। इस पेंटिंग को एक जापानी करोड़पति युसाकु मेजवा ने खरीदा है। इस पेंटिंग की संभावित कीमत 60 मिलियन डॉलर मानी गई थी लेकिन जब इसकी कीमत 100 मिलियन डॉलर से पार गई तब नीलामी में मौजूद लोग हैरान हो गए। पिछले साल बास्केट की पेंटिंग 57.3 मिलियन डॉलर में बिकी थी।
गौरतलब है कि 1960 में जन्मे अमेरिकी चित्रकार जीन मिशेल बास्केट अपने संक्षिप्त जीवनकाल के दौरान ही अपनी रचनाओं से खासे मशहूर हो गए थे। लेकिन ड्रग्स के आदी और ओवरडोज के कारण महज 27 साल की उम्र ही उनकी मृत्यु वर्ष 1988 में हो गई थी।