वेनेजुएला में सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ लोगों में उठा रोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ये हो गए हैं कि प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को सेना के एयरबेस में घुसने की कोशिश की, जिसके जवाब में सेना को ओपन फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। बता दें कि वेनेजुएला में सरकार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में अब तक 76 लोगों की मौत हो चुकी है।
मारे गए लोगों के बारे में जवाब देते हुए शहर के मेयर ने बताया कि जिन लोगों ने एयरबेस में घुसने की कोशिश की थी उन्होंने पहले भी एक ट्रक और मोटरसाइकिल में आग लगा दी थी। सेना ने जब प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा तो उसमें एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। घायल डेविड जोस को पास के एक अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बता दें कि वेनेजुएला में हजारों की संख्या में लोग भोजन की आपुर्ति, मेडिकल सुविधा और राष्ट्रपति निकोलस मदुरोव के संविधान में बदलाव के खिलाफ बीते एक महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष नेता जोस मैनुअल ऑलिवेयर का कहना है कि वेनेजुएला में लोग सुरक्षाकर्मियों के हाथ मारे जा रहे हैं।
सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में ऑलिवेयर घायल हो गए थे, उनके हाथ में चोट लग गई थी। सेना की ओर से की गई ओपन फायरिंग के बाद मैनुअल ने कहा कि वह सरकार के खिलाफ शनिवार को सेना बेस के पास प्रदर्शन करेंगे।