भारत से अमेरिका पहुंची अप्रवासी पुत्री निकी हेली ग्लोबल ट्रेड की हिमायती रही हैं। अपनी इसी नीति के जरिये वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय में आकर्षण का केंद्र थीं। वहीं, ट्रंप बाजार को अपने हिसाब से चलाकर चीन के साथ ट्रेड वार जारी रखने के पक्ष में हैं। हालांकि, हेली ने संयुक्त राष्ट्र में हर जगह ट्रंप की नीतियों का समर्थन किया है। लेकिन कुछ मसलों पर दोनों के बीच अंतर विरोध समय-समय पर उजागर हुए हैं। हेली ने न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखे एक लेख में स्वीकार किया था कि मैं राष्ट्रपति की हर बात से सहमत नहीं हूं।
सिख परिवार में हुआ था जन्म
निकी हेली अमरीकी सिख परिवार से हैं, जो भारत के अंबाला से अमरीका पहुंचा था। सिख परिवार में जन्म लेने वाली निमराता निकी रंधावा ने बाद में इसाई धर्म अपना लिया था। उनके पति माइकल हेली अमरीका के आर्मी नेशनल गार्ड में कैप्टन हैं। उनके दो बच्चे हैं।
हेली अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाली पहली महिला हैं, जो साउथ कैरोलिना की दो बार गवर्नर बनीं। उनसे पहले कोई महिला साउथ कैरोलिना की गवर्नर नहीं बनी थीं। पहली बार वह 2010 में चुनी गई थीं। इससे पहले वह अमरीका के निचले सदन यानी प्रतिनिधि सभा की छह साल तक सदस्य रह चुकी हैं।
ट्रंप के साथ प्रेम संबंधों की उड़ी थी अफवाह
निकी हेली एक समय डोनाल्ड ट्रंप के पसंदीदा साथियों में मानी जाती थीं। साथ ही ट्रंप के साथ उनके प्रेम संबंधों की अफवाह भी उड़ती रही है। जनवरी में उन्होंने इस मसले पर अपनी सफाई भी दी थी। हेली ने ऐसी अफवाहों को अपमानजनक और घृणास्पद बताया था।