अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का अगला चंद्र मिशन रद्द कर दिया गया है। अगले महीने तक इससे संबंधी सभी कामकाज बंद कर दिया जाएगा। हालांकि इंसान को फिर से चांद पर पहुंचाने का मिशन जारी रहेगा।
रद्द मून मिशन के तहत 2022 तक चांद के ध्रुव पर एक रोबोट भेजा जाना था, जो चांद की जमीन के भीतर पानी और हाईड्रोजन की जांच करता। इस रोबोट की खोज से वैज्ञानिकों को लंबे समय तक चांद पर रहने में मदद मिलती क्योंकि चांद पर पानी व ऑक्सीजन हासिल करना आसान हो जाता।
लूनर एक्सप्लोरेशन एनालिसिस ग्रुप (एलईएजी) के वैज्ञानिकों के मुताबिक उन्हें 23 अप्रैल को मिशन बंद करने और मई के अंत तक काम समेटने का आदेश दिया गया है। एलईएजी के वैज्ञानिकों ने नासा प्रमुख जेम्स ब्रिडेनस्टीन को पत्र लिखकर मिशन बंद होने को लेकर नाराजगी जताई है और रिसोर्स प्रॉस्पेक्टर यानी आरपी नाम के इस मिशन को फिर से शुरू करने की गुहार लगाई है। चार साल से इस मिशन पर काम किया जा रहा था।
ज्ञात हो कि पिछले साल दिसंबर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नासा ओर निजी कंपनियों को मानव को फिर से चांद पर भेजने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा था।